पंजाब के जालंधर में शुक्रवार (3 अक्टूबर) को ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने पर एक हिंदू युवक की पिटाई की गई। बताया गया है कि युवक की स्कूटी रोककर इस्लामी भीड़ ने उस पर हमला किया। इस मामले में अयूब खान, नमीन खान समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है, जबकि हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार (3 अक्टूबर) शाम करीब 4 बजे ऑल इंडिया उलेमा काउंसिल के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग कमिश्नर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों के अनुसार वे देशभर में मुस्लिम समुदाय के साथ हो रहे ‘भेदभाव और उत्पीड़न’ के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इस दौरान ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे गूँज रहे थे।
इसी बीच, स्कूटी सवार युवक योगेश वहाँ से गुजर रहा था। योगेश के अनुसार, उसने जवाब में ‘जय श्री राम’ कहा तो कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। योगेश का आरोप है कि भीड़ ने उसकी स्कूटी की चाबी छीन ली और मारपीट शुरू कर दी। योगेश ने दावा किया कि हमलावरों ने उससे जबरदस्ती ‘अल्लाह हू अकबर’ कहलवाने की कोशिश की और धमकी दी कि अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसे जान से मार देंगे। उसने कहा कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन पुलिस ने भी उसकी मदद नहीं की।
हमले के बाद मौके पर दोनों समुदायों के लोग इकट्ठा हो गए। एक तरफ ‘जय श्री राम’ और दूसरी तरफ ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगने लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने प्रेस क्लब चौक पर प्रदर्शन किया और फिर बीएमसी चौक पर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की माँग की।
योगेश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अयूब खान, नमीन खान और दो अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। डीसीपी नरेश डोगरा ने कहा, “कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर शनिवार (4 अक्टूबर) सुबह 11 बजे तक गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जाँच जारी है।
यह भी पढ़ें:
‘न हथियार छोड़ेंगे, न सत्ता से हटेंगे’: गाजा शांति प्रस्ताव पर हमास का विरोध, ट्रंप का दबाव जारी!
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान: पाकिस्तान में 300 किमी तक किया था हमला!
नक्शे पर रहना है तो आतंकवाद बंद करो: आर्मी चीफ की पाक को कड़ी चेतावनी!



