सरकार ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर पार्थिव शरीरों की पहचान में तेजी लाने के लिए काम कर रहे हैं।
भारत सरकार मृतकों के परिवारों की सऊदी अरब यात्रा में भी सहायता कर रही है। भारत सरकार इस त्रासदी से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शीघ्र एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
इससे पहले केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मदीना के निकट भारतीय हज यात्रियों से जुड़ी दुखद बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए मदीना स्थित भारतीय हज यात्री कार्यालय में एक शिविर कार्यालय स्थापित किया गया है।
बता दें कि ये हादसा रविवार को मदीना से मक्का जाते समय हुआ था। बस में अधिकांश यात्री भारत के तेलंगाना राज्य के थे। तेलंगाना सरकार ने सऊदी अरब में बस दुर्घटना में मारे गए राज्य के भारतीय नागरिकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया। सोमवार को मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।



