प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सिल्चर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। शनिवार, 14 मार्च को अपने भाषण में उन्होंने कहा कि जब पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के दौरान सरकार देश के नागरिकों पर उसके प्रभाव को कम करने के लिए काम कर रही है, तब कांग्रेस देश में डर और दहशत फैलाने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत के विकास का विरोध करने वाली ताकतों के हाथों की कठपुतली बन गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि देश के नागरिकों को कम से कम कठिनाइयों का सामना करना पड़े। हमारा उद्देश्य है कि युद्ध का असर भारतीयों पर जितना हो सके उतना कम हो। ऐसे महत्वपूर्ण समय में उम्मीद थी कि कांग्रेस एक जिम्मेदार राजनीतिक दल की तरह व्यवहार करेगी, लेकिन राष्ट्रीय हित के इस अहम मुद्दे पर कांग्रेस एक बार फिर विफल रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस देश में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है ताकि बाद में वह सरकार और प्रधानमंत्री को निशाना बना सके। मोदी ने कहा, “दुनिया में जो ताकतें भारत के तेज़ विकास को पचा नहीं पा रही हैं, कांग्रेस उनके हाथों की कठपुतली बनती जा रही है।”
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की चुनावी हार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी लगातार राज्यों में चुनाव हार रही है और जल्द ही वह हार का शतक पूरा करने वाली है। उन्होंने कहा, “आपने असम से कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आज देश का हर राज्य कांग्रेस को सबक सिखा रहा है। कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और निकट भविष्य में वह पराजयों का शतक पूरा कर सकती है।”
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें सिलचर और शिल्लोंग के बीच 22,864 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 166 किलोमीटर लंबा नियंत्रित एक्सप्रेसवे शामिल है, जिससे गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अलावा सिलचर में राष्ट्रिय महमार्ग 306 पर 565 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर और करीमगंज जिले के पाथरकांडी में 122 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी गई।
यह भी पढ़ें:
पटना में घर-घर पहुंचाए गए गैस सिलेंडर, लोग बोले-गैस की कोई समस्या नहीं!
संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए तीन महिलाएं समेत पांच नाम सामने आए!
ईरान-इजरायल और अमेरिका युद्ध बन सकता है बड़ी मानवीय तबाही : रवीना शमदासानी!



