पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को दो अलग-अलग आतंकी हमलों में तीन पुलिसवालों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, एक हमला लोअर दीर जिले में पुलिस के काफिले पर किया गया, जबकि दूसरा हमला बन्नू जिले के मिरयान पुलिस स्टेशन को निशाना बनाकर किया गया। दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना लोअर दीर जिले में हुई। यहां, आतंकियों ने हैंड ग्रेनेड और ऑटोमैटिक हथियारों की मदद से पुलिस के काफिले पर हमला किया। यह हमला हैदर इलाके में लाडम टॉप के पास हुआ। आतंकियों ने पहले पुलिस काफिले के वहां से गुजरते समय हैंड ग्रेनेड फेंका और फिर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में तीन पुलिसवालों की मौके पर ही मौत हो गई और 19 पुलिसवाले घायल हो गए। हमलावरों ने हमले के दौरान दो पुलिस गाड़ियों में भी आग लगा दी।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि स्थिति पूरी तरह साफ होने के बाद घटना के बारे में और जानकारी दी जाएगी। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों का पता लगाने के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
दूसरी घटना बन्नू जिले के मिरयान पुलिस स्टेशन पर हुई। यहां सुरक्षा बलों ने समय पर कार्रवाई करते हुए एक बड़े आत्मघाती हमले को नाकाम कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी विस्फोटकों से भरी गाड़ी को पुलिस स्टेशन में घुसाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और गोलियां चलाईं, जिससे विस्फोटकों से भरी गाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले ही तबाह हो गई। इसके बाद आतंकवादियों ने पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके हमले को नाकाम कर दिया। मुठभेड़ के दौरान चार आतंकवादी मारे गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को आगे के इलाज के लिए पेशावर शिफ्ट किया गया है। बन्नू जिले के पुलिस अधिकारी कैप्टन मुहम्मद फुरकान बिलाल ने घटना की पुष्टि की और कहा कि स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरने वालों और घायलों की जानकारी बाद में दी जाएगी।
घटना के बाद पुलिस और दूसरी लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सर्च और इन्वेस्टिगेशन ऑपरेशन चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच चल रही है और मौतों, चोटों, प्रॉपर्टी के नुकसान और दूसरे मामलों से जुड़ी जानकारी वेरिफिकेशन के बाद दी जाएगी।
यह भी पढ़ें-



