रायगंज एनकाउंटर को लेकर अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने कहा, “यह जो एनकाउंटर हुआ है, उसके बारे में अभी हमारे पास पूरी जानकारी नहीं है। इसलिए तत्काल प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि लेकिन सवाल यह है कि मौत कैसे आएगी। हमारा लीगल सिस्टम है, न्यायपालिका है, संविधान है, लोकतांत्रिक व्यवस्था है। उसके तहत त्वरित जांच होनी चाहिए, त्वरित न्याय होना चाहिए और दोषी को कठोर सजा मिलनी चाहिए। लेकिन संविधान और कानून के दायरे से बाहर जाकर जो इस तरह के एनकाउंटर हो रहे हैं, चाहे कस्टडी में हों या किसी और परिस्थिति में, इस पर बहस होना जरूरी है।
कुणाल घोष ने कहा कि अगर आरोप सही हैं तो उसका मरना एक बात है, लेकिन मरने का तरीका संविधान और लीगल सिस्टम के भीतर होना चाहिए, क्योंकि आगे चलकर अगर इसका दुरुपयोग हुआ तो किसी पर भी कोई आरोप लगाकर उसे गोली मार दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारा कहना सिर्फ इतना है कि जो इस तरह के जघन्य अपराध करता है, उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए, लेकिन वह पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए।
प्रदूषण को लेकर अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कहा कि जहां तक प्रदूषण की बात है, कल रात जो हुआ, वह पिछले तीन-चार वर्षों में सबसे खराब स्थिति थी। जिस तरह पटाखे फूटे और ध्वनि प्रदूषण हुआ, उससे बुजुर्गों, बीमार लोगों और पशु-पक्षियों को भारी परेशानी हुई।
उन्होंने कहा कि जहां तक रोशनी और लाइटिंग की बात है, उससे निकलने वाले हल्के धुएं का कीट-पतंगों पर कुछ सकारात्मक प्रभाव हो सकता है, लेकिन शोर का प्रभाव पूरी तरह नकारात्मक होता है। यह कहना कि ज्यादा पटाखे फोड़ने से रोग मुक्ति हो जाएगी या कोई विशेष लाभ होगा, पूरी तरह बकवास है। ध्वनि प्रदूषण का लोगों और जानवरों दोनों पर नकारात्मक असर पड़ता है।
कुणाल घोष ने कहा कि बीएसएफ के मामले में भी हमारा कोई विवाद नहीं है। बीएसएफ के जवान हमारे अपने बच्चे हैं। ममता बनर्जी भी उनसे प्यार करती हैं और हम भी उनका सम्मान करते हैं। वे हमारे घर के लड़के-लड़कियां हैं, उनसे हमारा कोई झगड़ा नहीं है। हमारा मतभेद नीतियों को लेकर है। यह मतभेद मोदी सरकार, अमित शाह के गृह मंत्रालय और उनकी नीतियों से है।
उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा और उससे जुड़ी नीतियों को लेकर हमारी असहमति हो सकती है, लेकिन जो बीएसएफ के जवान यहां काम कर रहे हैं, उनके प्रति हमारे मन में पूरा सम्मान और स्नेह है। हम उनका आदर करते हैं और उनसे प्यार करते हैं।



