बांग्लादेश में फिर एक बार हिंसा भड़क गई है। फरीदपुर में सोमवार तड़के कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने खड़ी बस में आग लगा दी और 60 साल के बस ड्राइवर जिंदा जल दिया। बांग्लादेश में इस दौरान राजधानी ढाका समेत कई अन्य जिलों में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं सामने आईं। बांग्लादेश के अखबार ‘न्यू एज’ के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहम्मद कालाचन शेख के रूप में हुई है।
ढाका, सावर और गाजीपुर में और भी बसें जलाई गईं। ये घटनाएं पूरे बांग्लादेश में हो रही आगजनी और बम धमाकों के सिलसिले का हिस्सा हैं। फरीदपुर के गोलचामत नए बस स्टैंड के पास ड्राइवर मोहम्मद कालाचन एक बस के अंदर सो रहा था, तभी उसमें आग लगा दी गई। दमकलकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला और फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बांग्लादेश में ही एक अन्य घटना में, सोमवार रात झेनैदाह में इस्लामिक यूनिवर्सिटी के लगभग 35 छात्रों को ले जा रही एक डबल-डेकर बस पर पेट्रोल बम फेंका गया। ‘दिगंता’ नाम की यह बस यूनिवर्सिटी कैंपस की ओर जा रही थी, तभी शैल्कूपा उपजिला के ड्रैगन बागान इलाके में यह हमला हुआ। ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिर, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ढाका के मोहम्मदपुर इलाके में सोमवार रात करीब 9:15 बजे टोक्यो स्क्वायर के सामने दो बम धमाके हुए। पुलिस ने बताया कि अभी तक इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं हो पाई है।
‘द डेली स्टार’ के अनुसार, सोमवार को सावर, ढाका और गाजीपुर में छह बसें जलाई गईं। सावर में, ढाका-अरिचा हाईवे के किनारे खड़ी दो बसों को क्रमशः रात 1 बजे और सुबह 4 बजे गेंडा और बालियारपुर इलाकों में आग के हवाले कर दिया गया। गाजीपुर के कालियाकैरे उपजिला में ढाका-तंगेल राजमार्ग के पास चंद्र इलाके में खड़ी दो बसों में आग लगा दी गई। ढाका के कई इलाकों में देसी बम (क्रूड बम) फटने की भी खबरें आईं, जिनमें बनश्री, मोहाखाली, ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस और चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के बाहर की जगहें शामिल हैं।
DMP के डिप्टी कमिश्नर (मीडिया) अख्तर हुसैन ने ‘द डेली स्टार’ को बताया कि हाल ही में हुए धमाकों और हमलों के सिलसिले में पुलिस ने पिछले 24 घंटों में कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें-



