पप्पू यादव ने कहा कि संजय गांधी के बारे में दुनिया जानती है। उन्होंने अरुण जेटली के घर से जुड़े संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान ने उन्हें इतना अवसर दिया कि वे कहां से कहां पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार के रेल मंत्री रहने के समय का जिक्र किया।
पप्पू यादव ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी चाहते थे कि नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन के संयोजक बनें। लेकिन लालू यादव, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी के बीच हुई राजनीतिक जुगलबंदी से इस संभावना को ठेस पहुंची। सोनिया गांधी ने अपने अनुभव और समझ के आधार पर उन अनछुए पहलुओं को किताब में लिखा है, जिन्हें उन्होंने सही माना।
उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में फैसला हो गया, अन्यथा बिहार को देश का प्रधानमंत्री देने का अवसर मिल सकता था। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि लालू यादव चाहते थे कि पहले उनके बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की बात तय हो और उसके बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने जो लिखा, वह सही है।
कुलगाम आतंकी हमले पर पप्पू यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में छोटे-बड़े 100 से अधिक हमले हुए हैं। सत्ता में आने पर पुलवामा और पहलगाम हमलों पर फिल्म बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि चीन, पाकिस्तान, अमेरिका और रूस आतंकवादियों की मदद करते हैं, जबकि हमारे सैनिक मारे जाते हैं।
उन्होंने भाजपा पर सेना का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करने का आरोप लगाया। पप्पू यादव ने कहा कि जिस तरह भगवान के नाम का इस्तेमाल किया गया, उसी तरह भाजपा सेना का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने लगातार हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि कभी सीआरपीएफ तो कभी बीएसएफ के जवानों को निशाना बनाया जा रहा है।



