33 C
Mumbai
Thursday, November 19, 2026
होमदेश दुनियाशादी सीजन में देशभर में 7.5 लाख करोड़ रुपये कारोबार अनुमान!

शादी सीजन में देशभर में 7.5 लाख करोड़ रुपये कारोबार अनुमान!

कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अनुमानित खर्च का यह पैमाना दर्शाता है कि किस तरह शादियां एक बड़े आर्थिक इकोसिस्टम के रूप में विकसित हुई हैं| 

Google News Follow
देश में आगामी शादी के सीजन के दौरान 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच करीब 7.5 लाख करोड़ रुपए की आर्थिक गतिविधियां होने का अनुमान है। इस अवधि में देशभर में लगभग 52 लाख शादियां होने की संभावना है। यह जानकारी कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को दी।

व्यापारियों के संगठन ने कहा कि दिसंबर के मध्य में खरमास (मलमास) शुरू होने से पहले समाप्त होने वाला शादी का यह सीजन खपत आधारित आर्थिक विकास के सबसे बड़े कारकों में से एक बनकर उभर सकता है। इससे खुदरा कारोबार, विनिर्माण, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अनुमानित खर्च का यह पैमाना दर्शाता है कि किस तरह शादियां एक बड़े आर्थिक इकोसिस्टम के रूप में विकसित हुई हैं, जो देशभर के व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, कारीगरों और सेवा प्रदाताओं को समर्थन देता है।

कैट के अनुमान के मुताबिक, अकेले दिल्ली-एनसीआर में करीब 5 लाख शादियां होने की संभावना है। इससे लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। इससे देश के सबसे बड़े शादी संबंधी व्यावसायिक केंद्रों में दिल्ली-एनसीआर की स्थिति और मजबूत होगी।

कैट ने कहा कि शादी से जुड़े खर्च का फायदा ज्वेलरी, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, खाद्य उत्पाद, इवेंट मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, फोटोग्राफी और सजावट सेवाओं समेत कई क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है।

अनुमानित 7.5 लाख करोड़ रुपए के कारोबार में से करीब 4 लाख करोड़ रुपए यानी 54 प्रतिशत हिस्सा वस्तुओं और खुदरा खरीदारी से आने की संभावना है, जबकि शेष 3.45 लाख करोड़ रुपए का योगदान सेवा क्षेत्र से रहने का अनुमान है।

ज्वेलरी और कीमती धातुओं का इस कारोबार में सबसे बड़ा योगदान रहने की उम्मीद है। इस पर करीब 1.2 लाख करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद कपड़ों और परिधानों पर लगभग 90,000 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है।

अन्य प्रमुख श्रेणियों में उपहार और शादी से जुड़े सामान, किराना और खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयां और कन्फेक्शनरी, फर्नीचर और घरेलू सामान शामिल हैं।

सेवा क्षेत्र की बात करें तो कैटरिंग से 75,000 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है, जबकि शादी के आयोजन स्थल, बैंक्वेट हॉल और होटलों से 60,000 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है।

कैट ने हाल के वर्षों में देश की वेडिंग इकोनॉमी के तेजी से विस्तार को भी रेखांकित किया। शादी से जुड़े कारोबार का अनुमान 2022 में 3.75 लाख करोड़ रुपए था, जो 2023 में बढ़कर 4.74 लाख करोड़ रुपए और 2024 में 5.90 लाख करोड़ रुपए हो गया।

गौरतलब है कि 2025 में यह आंकड़ा 6.50 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान था, जो इस साल बढ़कर 7.50 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने की संभावना है।

कैट ने यह भी अनुमान जताया कि शादी का यह सीजन कैटरिंग, सजावट, फोटोग्राफी, परिवहन, हॉस्पिटैलिटी, ब्यूटी सेवाओं और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर पैदा कर सकता है।

यह भी पढ़ें-
National Stock Exchange

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Star Housing Finance Limited
[td_block_social_counter open_in_new_window="y" style="style6 td-social-boxed" block_template_id="td_block_template_9" border_color="#fbd54a" f_header_font_size="26" f_header_font_weight="700" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLXRvcCI6IjAiLCJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJwYWRkaW5nLXRvcCI6IjAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn19" custom_title="हमें फॉलो करें" facebook="NewsDankaHindi" twitter="NewsDanka" youtube="channel/UCqtL0xCsgAmB3XXrh9nln2Q" manual_count_twitter="526" f_header_font_family="668"]

अन्य लेटेस्ट खबरें