अभियान के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज नाम को हटवाने, नाम-पते में संशोधन कराने और विधानसभा क्षेत्र के भीतर या बाहर स्थान परिवर्तन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। पहले और दूसरे विशेष अभियान के तहत 21 और 22 नवंबर को जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
इसी तरह 28 और 29 नवंबर को भी मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं और पात्र नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
गौतमबुद्धनगर जिले में 61-नोएडा, 62-दादरी और 63-जेवर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन तीनों क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में मतदाता सूची से संबंधित आवेदन और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
इसके माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। खासकर ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को निर्धारित अर्हता के अनुसार मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, वे इस अभियान के दौरान अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
मतदाता सूची में यदि किसी ऐसे व्यक्ति का नाम दर्ज है, जिसकी मृत्यु हो चुकी है, या किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज है अथवा कोई व्यक्ति स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुका है, तो ऐसी स्थिति में संबंधित परिजन या पात्र व्यक्ति फार्म-7 भरकर नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यदि कोई मतदाता अपना निवास स्थान बदल चुका है और मतदाता सूची में नए पते के अनुसार स्थानांतरण कराना चाहता है, तो इसके लिए भी फार्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
ये आवेदन संबंधित बीएलओ के पास या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और संशोधन से संबंधित फार्म मोबाइल ऐप तथा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भरे जा सकते हैं। प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें।
यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी मिलती है तो निर्धारित फार्म भरकर समय रहते आवेदन करें। विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर बीएलओ की मौजूदगी का लाभ उठाकर मतदाता अपने दस्तावेजों के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रिया से पहले मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।



