पटना में आईएएनएस से बातचीत में जदयू के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो हालात बने हैं, उससे लगता है कि सीटों पर समझौता हो भी जाए तो दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जिस तरह से तलवारें खिंची हुई हैं, जिस तरह से तल्खियां बढ़ी हुई हैं, चुनाव के नतीजों पर उसका असर होगा।
यूपी चुनाव को लेकर एआईएमआईएम के बयान पर राजीव रंजन ने कहा कि अभी चुनाव नजदीक है तो कई मोर्चे बनेंगे, लेकिन जो बयानबाजी कर रहे हैं, उस मोर्चे का जन्म तो अभी हुआ है, कब तक चलेगा किसी को मालूम नहीं है। मैं बस यह कहना चाहता हूं कि सार्वजनिक जीवन में डींगें हांकिए, लेकिन, इतनी मत हांकिए कि लोगों के लिए पचाना मुश्किल हो जाए।
अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा की शुरुआत होने पर राजीव रंजन ने कहा कि भारत-नेपाल के रिश्ते प्रगाढ़ होंगे और इस पूरे प्रक्षेत्र में हम देखें तो भारत की भूमिका और बेहतर हो सकती है। भावनात्मक तौर पर भी यह दोनों ही देशों के लिए महत्त्वपूर्ण अवसर है कि भगवान श्री राम की जन्मस्थली से यह ट्रेन चलकर मां सीता की जन्मस्थली जनकपुर तक जा रही है। दो देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। व्यापारिक साझेदारी भी मजबूत होगी।
रंजन ने कहा कि लोवी इंस्टीट्यूट ने भारत की वैश्विक कूटनीति में बढ़ते हुए रुतबे को स्पष्ट तौर पर स्वीकार किया है। भारत को तीसरा स्थान दिया गया है और दूसरे स्थान पर चीन है।



