आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म Dhurandhar: The Revenge (धुरंधर 2) का ट्रेलर शनिवार (7 मार्च)को जारी कर दिया गया। करीब साढ़े तीन मिनट के इस ट्रेलर में रणवीर सिंह एक अंडरकवर एजेंट के रूप में नजर आते हैं, जो अपने अतीत के रहस्यों को उजागर करते हुए बदला लेने के मिशन पर निकलता है।
ट्रेलर में रणवीर सिंह का किरदार जस्किरत सिंह रंगी से हमजा बनने तक की कहानी को दिखाया गया है। कहानी पाकिस्तान के कराची शहर की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है, जहां उनका किरदार अपराध जगत में अपनी पहचान बनाते हुए आगे बढ़ता है। ट्रेलर में उन्हें “शेर-ए-बलोच” और लियारी के नए किंग के रूप में उभरते हुए दिखाया गया है।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत पहले भाग की याद दिलाते हुए IC-814 हाइजेक के दृश्य से होती है। इसके बाद कहानी दिखाती है कि किस तरह रणवीर का किरदार पहले भाग में रहमान डकैत को मारता है और फिर उसकी विरासत संभालते हुए सत्ता पर कब्जा करता है। फिल्म में रहमान डकैत की भूमिका अभिनेता अक्षय खन्ना ने निभाई है।
ट्रेलर में कई एक्शन सीक्वेंस और दमदार संवाद देखने को मिलते हैं। इनमें रणवीर सिंह का एक संवाद विशेष रूप से चर्चा में है “अब पाकिस्तान का मुस्तकबिल हिंदुस्तान तय करेगा” ट्रेलर साझा करते हुए रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मैंने कहा था कि यह पर्सनल है…”
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में सारा अर्जुन को भी एक तीखे और आक्रामक अंदाज में बंदूक थामे दिखाया गया है।
फिल्म के रिलीज शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली थी और इसकी टक्कर Toxic से होने वाली थी, जिसमें यश मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि बाद में निर्माताओं ने घोषणा की कि फिल्म अब 4 जून को रिलीज होगी। निर्माताओं ने इसके पीछे पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को कारण बताया और कहा कि मौजूदा स्थिति में फिल्म को वैश्विक स्तर पर व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ दरअसल फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल और इस श्रृंखला का दूसरा तथा अंतिम भाग है। दोनों हिस्सों की शूटिंग एक साथ की गई थी। पहली फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करने में सफल रही थी। ट्रेलर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है और दर्शकों के बीच इसके एक्शन और कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें:
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे अमित शाह, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम धामी ने स्वागत किया!
नेपाल चुनाव: आरएसपी की बढ़त तेज, लामिछाने ने चितवन से बड़ी जीत हासिल की!
दिल्ली: हिंदू युवक की होली के दिन हत्या मामले में 4 और गिरफ्तार



