भारत के शहरी परिवहन क्षेत्र में गुरुवार (5 फरवरी) को भारत टैक्सी के आने से नया अध्याय जुड़ गया। फिलहाल भारत टैक्सी को औपचारिक रूप से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में लॉन्च किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा लॉन्च की गई यह सेवा इसलिए खास है क्योंकि यह सरकारी समर्थन वाली सहकारी कैब ऐप है, जो Ola और Uber जैसे निजी कंपनियों को मात देंगी।
भारत टैक्सी को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संचालित कर रही है, जो मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 2002 के तहत पंजीकृत है। इसका मॉडल Ola-Uber से मूल रूप से अलग है। जहां Ola और Uber में ड्राइवर स्वतंत्र ठेकेदार होते हैं, वहीं भारत टैक्सी में सारथी (टैक्सी ड्राइवर) सदस्य, शेयरहोल्डर और सह-मालिक होते हैं। उन्हें वोटिंग अधिकार और मुनाफे में हिस्सेदारी मिलती है।
भारत टैक्सी में ड्राइवरों से प्रति-राइड कमीशन नहीं लिया जाता। इसके बजाय वे एक फ्लैट एक्सेस फीस (जैसे लगभग ₹30 प्रतिदिन) देते हैं और किराये का बड़ा हिस्सा अपने पास रखते हैं। इसके साथ उन्हें स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट सेविंग और संगठित सपोर्ट सिस्टम उपलब्ध कराया जाता है। मंत्रालय के अनुसार, इससे ड्राइवरों की स्थिरता बढ़ती है और यात्रियों को अधिक भरोसेमंद सेवा मिलती है। इसके उलट, Ola और Uber लंबे समय तक 15–30 प्रतिशत तक कमीशन मॉडल पर चले, हालांकि हाल के वर्षों में दोनों ने कुछ सेगमेंट में फ्लैट-फीस या जीरो-कमीशन मॉडल अपनाए हैं।
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत है नो-सर्ज प्राइसिंग। किराया पारदर्शी और तयशुदा है, जिससे पीक ऑवर या बारिश के दौरान अचानक बढ़ी हुई कीमतों का सामना नहीं करना पड़ता। अनुमान है कि कई रूट्स पर भारत टैक्सी, Ola-Uber से करीब 30 प्रतिशत तक सस्ती हो सकती है। वहीं Ola और Uber डायनेमिक प्राइसिंग पर चलते हैं, जहां मांग बढ़ते ही किराया बढ़ जाता है, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
फीचर्स के स्तर पर तीनों प्लेटफॉर्म लगभग समान हैं। रियल-टाइम ट्रैकिंग, कई राइड विकल्प और इन-ऐप सेफ्टी टूल्स। भारत टैक्सी ने पुलिस के साथ साझेदारी, वन-टैप SOS, इमरजेंसी अलर्ट और इन-ऐप सायरन जैसे फीचर्स शामिल किए हैं। बाइक दीदी पहल के तहत 150 से ज्यादा महिला ड्राइवरों को जोड़ा गया है।
भारत टैक्सी की ऑटो-रिक्शा कीमतें भी तय हैं, 4 किमी तक न्यूनतम किराया ₹30, 4–12 किमी: ₹23 प्रति किमी, 12 किमी से अधिक: ₹18 प्रति किमी। इसके अलावा ₹20 पिक-अप चार्ज, 5 मिनट के बाद ₹1 प्रति मिनट वेटिंग फीस और पीक ट्रैफिक में 15% कंजेशन सरचार्ज लागू हो सकता है।
जहां Ola और Uber तकनीक-आधारित निजी प्लेटफॉर्म हैं, वहीं Bharat Taxi सहकारी, ड्राइवर-ओनरशिप और स्थिर किराये के मॉडल के साथ उतरी है। उपभोक्ता फीचर्स में ज्यादा अंतर नहीं है, लेकिन किराये की पूर्वानुमेयता और ड्राइवरों की हिस्सेदारी भारत टैक्सी को अलग पहचान देती है। आने वाले समय में यह मॉडल भारतीय कैब बाजार की दिशा बदल सकता है।
यह भी पढ़ें:
मद्रास हाईकोर्ट: अभिनेता से राजनेता बने विजय पर ₹1.5 करोड़ का टैक्स जुर्माना बरक़रार
लापता लोगों’ को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर किए गए दावों के पीछे पेड कैंपेन का शक; दिल्ली पुलिस का दावा
हर्षित राणा ICC टी20 विश्व कप से बाहर, भारतीय तेज गेंदबाजी को झटका



