मुंबई में भाजपा सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के आवास से ₹5.40 लाख की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके पूर्व कर्मचारी द्वारा डुप्लीकेट चाबियों के सहारे की गई थी। मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने पूछताछ के दौरान चोरी की बात कबूल कर ली है।
यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्री नगर इलाके में स्थित सुंदरबन बिल्डिंग में सामने आई, जहां मनोज तिवारी का फ्लैट है। इस मामले में अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे ने दर्ज कराई, जो पिछले करीब 20 वर्षों से उनके साथ जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, फ्लैट के बेडरूम में रखी नकदी में से कुल ₹5.40 लाख गायब पाए गए थे। जांच में सामने आया कि जून 2025 में अलमारी से ₹4.40 लाख चोरी हो चुके थे, लेकिन उस समय चोरी करने वाले की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर किसी ठोस सुराग के अभाव में मामला लंबे समय तक अनसुलझा रहा।
इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिसंबर 2025 में मनोज तिवारी के आवास के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को अलमारी खोलकर ₹1 लाख नकद निकालते हुए देखा गया। फुटेज की जांच करने पर उसकी पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई, जो मनोज तिवारी के यहां पहले काम कर चुका था।
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्रकुमार शर्मा को लगभग दो साल पहले नौकरी से हटा दिया गया था। इसके बावजूद उसके पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां मौजूद थीं, जिनका इस्तेमाल कर वह फ्लैट में घुसा और चोरी को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने जून 2025 में हुई ₹4.40 लाख की चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसी तरीके से पहले भी नकदी चुराई थी, लेकिन उस समय कोई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध नहीं था।
अंबोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया और क्या आरोपी ने किसी अन्य स्थान पर भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें:
लखनऊ: टिश्यू पेपर पर प्लेन में बम नोट से हडक़ंप, जांच पूरी!
ट्रेड डील पर भारत-अमेरिका बातचीत संभव, जयशंकर ने अमेरिकी सांसद से की मुलाकात!
मणिकर्णिका घाट: ‘बुलडोजर कार्रवाई’ के फर्जी AI वीडिओ बनाने वालों पर उत्तर प्रदेश सरकार की ग़ाज



