मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी को लगभग 11.82 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा (हाई-क्वालिटी कैनबिस) की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को बाद में कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हर्षा सनी 10-11 जून की रात बैंकॉक से एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 के जरिए मुंबई पहुंची थी। एयरपोर्ट पर सामान्य निगरानी के दौरान अधिकारियों को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम विभाग ने उसे रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए गए, जिनमें हरे रंग का पदार्थ पाया गया। मौके पर ही एनडीपीएस (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances) किट से की गई जांच में यह पदार्थ हाई-क्वालिटी हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, बरामद ड्रग्स का कुल वजन 11 किलोग्राम से अधिक था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11.82 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके बाद हर्षा सनी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
हर्षा सनी का नाम ‘मिसेज केरल 2025’ प्रतियोगिता की पूर्व प्रतिभागी के रूप में भी सामने आया है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई के फोर्ट कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह ड्रग्स की बड़ी खेप मुंबई या देश के किस हिस्से में सप्लाई की जानी थी। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के पीछे सक्रिय तस्करी रैकेट और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
कस्टम विभाग और एयर इंटेलिजेंस यूनिट अब इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या यह किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
पुणे में ₹1.36 करोड़ की नकली शराब जब्त, आबकारी विभाग ने अंतर-जिला तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़
राज्यसभा नामांकन रद्द होने पर मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, याचिका खारिज
भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हमलों के बाद भारत ने दूसरी बार अमेरिकी राजनयिक को तलब किया
