इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फुकेत (थाईलैंड) से दिल्ली पहुंचे एक यात्री के पास से करीब 2.76 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और यात्री से पूछताछ की जा रही है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, 2 अगस्त को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2377 से फुकेत से दिल्ली पहुंचे यात्री को एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम के जरिए की गई प्रोफाइलिंग के आधार पर संदेह के चलते कस्टम के ग्रीन चैनल पर रोका गया। यात्री के सामान की एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद यात्री की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, लेकिन कोई धातु संबंधी संकेत नहीं मिला। संदेह गहराने पर अधिकारियों ने बैग की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरे चार पैकेट बरामद हुए। जांच में यह पदार्थ हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) प्रतीत हुआ। इन पैकेटों का कुल वजन 2,759.5 ग्राम (पैकिंग सामग्री सहित) पाया गया। कस्टम विभाग ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि तस्करी का यह नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है और बरामद गांजा किसे पहुंचाया जाना था। उल्लेखनीय है कि हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक (लगभग 5 से 10 गुना तक) तेज और खतरनाक नशा देता है। पोषक तत्वों के नियंत्रण के साथ इसे अलग तरीके से उगाया जाता है।
यह भी पढ़ें-
