टाइगर श्रॉफ केस में दो युवतियों समेत 4 गिरफ्तार

हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

टाइगर श्रॉफ केस में दो युवतियों समेत 4 गिरफ्तार

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग की घटना की जांच में हथियारों की आपूर्ति करने वाले कथित नेटवर्क की कड़ियां उत्तर प्रदेश तक पहुंची हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इस मामले में सीतापुर और आजमगढ़ की रहने वाली दो युवतियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे। इसके बाद सीतापुर निवासी राधा और आजमगढ़ निवासी बबीता के जरिये हथियार मुंबई पहुंचाया गया।

आरोप है कि इस पूरी गतिविधि के दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड एप के माध्यम से अनिल पंडित के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर काम कर रहा था। मुंबई में 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। इसके बाद कथित तौर पर शूटरों के मुंबई में फंसने की सूचना मिलने पर कुनाल से उनके निकलने की व्यवस्था करने को कहा गया था।

गिरफ्तार आरोपितों में सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19) के अलावा सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के नहवइया निवासी राधा (23) और आजमगढ़ के कोठियार निवासी बबीता (23) शामिल हैं। पुलिस ने चारों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पहले उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत कलंदरा के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की सीआइडी, मुंबई की टीम ने अदालत में आरोपितों से हिरासत में पूछताछ और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी।

अदालत से अनुमति मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की अनुमति भी मिल गई। पुलिस के मुताबिक, कुनाल हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। हरसाना गांव के एक परिचित के जरिये उसकी पहचान अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड एप पर बातचीत होने लगी।

जांच एजेंसी का आरोप है कि अनिल के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई थी। कुनाल ने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और उससे संबंध विकसित करने के बाद उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया। 15 अक्टूबर को कुनाल राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा था। उस समय पिस्टल राधा के बैग में रखी थी। दोनों युवतियों के मुंबई रवाना होने के बाद भी कुनाल उनसे एन्क्रिप्टेड एप के जरिये संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा। 17 अक्टूबर को दोनों दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं।

पुलिस का आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे होटल के पास एक नाबालिग लड़का राधा से बैग लेकर चला गया। अगले दिन 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई। स्पेशल सेल के अनुसार, फायरिंग के बाद अनिल पंडित ने कुनाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं। उसने कुनाल से उनके निकलने की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद 18 अक्टूबर को ही राधा और बबीता दादर से हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। 20 अक्टूबर को दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया गया, जबकि कुनाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढें- 

दिल्ली एयरपोर्ट पर भगवंत मान को 3 घंटे रोका

Exit mobile version