प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी स्थापना के 75 सालों में बहुत से मील के पत्थर स्थापित किए हैं। इन 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ियों से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से सोशल मीडिया मैसेज तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। इन बदलावों के हर दौर में देश के पहले आईआईटी के तौर पर आईआईटी खड़गपुर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती वो धरती है, जहां से विचारों को बल मिला है और नेशनल मूवमेंट बने। आईआईटी खड़गपुर उसी जगह बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। कल्पना कीजिए कि जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, दिनभर क्या बातें करते होंगे और सोचते हैं। उस समय की उनकी जिंदगी और गतिविधि, आज भी यहां मंत्र की तरह गूंजती होगी, जो आप लोगों को प्रेरणा देती है।
पीएम मोदी ने कहा कि दशकों पहले इन्हीं कैंपों ने उन भारतीयों का अदम्य उत्साह और साहस देखा था, जो अपना शासन और भारत को बुलंदियों पर देखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज इसी भूमि पर नए रंग रूप में सजी आईआईटी में ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं|
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं, तो आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास में देश के इनोवेशन प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। भारत ने डंके की चोट पर कहा कि ‘सीमाओं को तोड़ें। संभावनाओं के द्वार खोलें।’
