‘बिहार बंद’ के दौरान पटना में पथराव, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया लाठीचार्ज!

इसी बीच, रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। बाद में कथित तौर पर पत्थरबाजी की घटना हुई।

‘बिहार बंद’ के दौरान पटना में पथराव, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया लाठीचार्ज!

Stone-pelting-in-Patna-during-Bihar-Bandh-police-lathi-charge-protesters

‘बिहार बंद’ के दौरान राजधानी पटना में पथराव के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके थे। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया है।

‘बिहार बंद’ के तहत पटना में रामगुलाम चौक और एग्जिबिशन रोड ओवरब्रिज के पास प्रदर्शन चल रहा था। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी प्रदर्शन के समय पुलिस बल के साथ सड़कों पर तैनात हैं। इसी बीच, रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। बाद में कथित तौर पर पत्थरबाजी की घटना हुई।

हालात हिंसक होने पर एसएसपी कार्तिकेय शर्मा समेत पुलिस बल ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। बाद में भीड़ को काबू में कर लिया गया।

उधर, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी ‘बिहार बंद’ के दौरान पटना के रामगुलाम चौक पर प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने सुबह आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “छात्रों के साथ नाइंसाफी हो रही है। लोग इस सरकार से परेशान हो चुके हैं। सभी की मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए।”

बता दें कि नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ‘बिहार बंद’ बुलाया गया है। वामपंथी दलों से जुड़े छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (आरवीईए) ने बंद का आह्वान किया है।

पटना के अलावा, शनिवार को समस्तीपुर, छपरा, सीवान और जहानाबाद में भी विरोध प्रदर्शन हुए। ‘बिहार बंद’ को सफल बनाने के लिए भाकपा, माले सहित कई वामपंथी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हालांकि, बंद को देखते हुए राज्यभर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा है। विभिन्न हिस्सों में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई और लगातार गश्ती अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें-

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें और बढ़ी, इस मामले में नई एफआईआर दर्ज!

Exit mobile version