यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे ने आठ जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें मुंबई सेंट्रल–इंदौर, मुंबई सेंट्रल–भिवानी, वलसाड–दानापुर, उधना–हसनपुर रोड और अहमदाबाद–दरभंगा सहित विभिन्न रूटों की ट्रेनें शामिल हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल–इंदौर स्पेशल ट्रेन संख्या 09085 का परिचालन 28 दिसंबर 2026 तक तथा वापसी ट्रेन संख्या 09086 का परिचालन 29 दिसंबर तक बढ़ाया गया है।
खास बात यह है कि इन ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर तीन दिन कर दी गई है। ट्रेन संख्या 09085 अब 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09086 एक दिसंबर से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को इंदौर से रवाना होगी।
इसके अलावा, ट्रेन संख्या 09079 मुंबई सेंट्रल–इंदौर स्पेशल को 29 दिसंबर तथा 09080 इंदौर–मुंबई सेंट्रल स्पेशल को 30 दिसंबर तक चलाया जाएगा।
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 09001/09002 मुंबई सेंट्रल–भिवानी स्पेशल को क्रमशः 29 और 30 दिसंबर तक विस्तारित किया गया है। वलसाड–दानापुर स्पेशल (09025/09026) अब 14 और 15 दिसंबर तक चलेगी।
उधना–हसनपुर रोड स्पेशल (09041/09042) का परिचालन 12 और 14 दिसंबर तक, जबकि उधना–मधुबनी स्पेशल (09151/09152) का परिचालन 11 और 13 दिसंबर तक बढ़ाया गया है।
इसके अतिरिक्त अहमदाबाद–दरभंगा स्पेशल (09465/09466) को 11 और 14 दिसंबर तथा डॉ. अंबेडकर नगर–दानापुर स्पेशल (09343/09344) को 10 और 11 दिसंबर 2026 तक विस्तारित किया गया है।
27 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग
पश्चिम रेलवे के अनुसार, इन विस्तारित फेरों के लिए 27 नवंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों (पीआरएस) और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू होगी। यात्रियों को ट्रेनों के समय, ठहराव और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें-
