दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर भारत में रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग बनावटी मेडिकल वीज़ा का इस्तेमाल कर भारत में रह रहे थे। दिल्ली पुलिस के बाहरी ज़िले की ‘फॉरेनर्स सेल’ ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की।
पुलिस की विशेष जांच के दौरान पता चला कि कुछ विदेशी नागरिक वीज़ा की अवधि समाप्त होने के बाद भी इलाके में अवैध रूप से छिपकर रह रहे हैं। इस सूचना के आधार पर फॉरेनर्स सेल की एक टीम ने पीरागढ़ी चौक के पास स्थित डीडीए पार्क के आसपास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान किसी भी संदिग्ध के पास भारत में वैध रूप से रहने का प्रमाण देने वाले पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज़ नहीं मिले।
जांच में सामने आया कि ये सभी 10 बांग्लादेशी नागरिक भारत को ट्रांज़िट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। उनका असली मकसद भारत में रहते हुए बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीज़ा हासिल करना था। जांच में यह भी पता चला कि उनके पासपोर्ट और भारतीय वीज़ा की अवधि काफी पहले ही समाप्त हो चुकी थी और इसके बावजूद वे दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम फारुक (39), मोहम्मद सोजीब फकीर (29), शोहाग मिया (26), शहाबुद्दीन (36), मोहम्मद शाराजुल इस्लाम शाहिदुल (37), गुलाम रब्बानी (29), सजीब मिया (26), मोहम्मद जहिरुल (33), मोहम्मद आलमगीर होसिन (30) और मोहम्मद अब्दुल कुद्दूस (38) बताए गए हैं।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एफआरआरओ के समन्वय से इनके खिलाफ देश से निष्कासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बाहरी ज़िला पुलिस का कहना है कि उनके अधिकार क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें:
इराक में ऊपर अमेरिकी वायुसेना का KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त
तेल कीमतों में उछाल से परेशान अमेरिका, रुसी तेल के लिए हाथ फैलाया
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई एयरस्ट्राइक में गवांया पैर;कोमा में होने का दावा!
तमिलनाडु: 300 वर्ष पुराने हिंदू मंदिर के जीर्णोद्धार पर मुसलमानों का विरोध प्रदर्शन



