संगम किनारे चल रहे माघ मेले का चौथा स्नानपर्व बसंत पंचमी 23 जनवरी को है। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि गुरुवार की रात 2.28 बजे से पंचमी तिथि लग जाएगी जो अगले दिन 23 जनवरी को रात 1.56 तक रहेगी।
माघ मेला अधिकारी ऋषिराज का कहना है कि मौनी अमावस्या के बाद बसंत पंचमी में सबसे अधिक श्रद्धालुओं के संगम में पुण्य की डुबकी लगाने का प्रशासन का अनुमान है। बसंत पंचमी से लेकर अचला सप्तमी तक 3.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी के पावन जल में डुबकी लगा सकते हैं। मेला क्षेत्र में 3.5 किमी लंबाई में बनाए गए 24 घाट तैयार हैं। घाटों की सफाई व्यवस्था, नदियों में निर्मल जल की उपलब्धता से लेकर सभी बुनियादी व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया गया है।
श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने के साथ ही उन्हें सर्कुलेट करने के लिए पांटून पुलों में भी खास व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत परेड से झूसी जाने के लिए पांटून पुल संख्या 3, 5, और 7 का उपयोग आगंतुक कर सकते हैं, जबकि झूसी से परेड आने के लिए पांटून पुल संख्या 4 और 6 रहेंगे। आपात स्थिति के लिए बनाए गए पांटून पुल संख्या 1 और 2 में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
बसंत पंचमी पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों के यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मेला पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय का कहना है कि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, घाट सुरक्षा एवं निकासी व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
धर्म की आड़ में सनातन कमजोर करने वाले कालनेमि, सीएम योगी की चेतावनी!



