फुकेत-दिल्ली उड़ान के एक पायलट के डोपिंग टेस्ट में मरिझुआना (गांजा) के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद एअर इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है। एअर इंडिया ने अपने ग्रुप के सभी पायलटों का पूर्ण डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश आज से ही प्रभावी हो गया है। कर्मचारियों को भेजे गए औपचारिक पत्र में एअर इंडिया ने लिखा, “जैसा कि आप जानते हैं, एअर इंडिया भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा निर्धारित सभी नियामक मानकों का पूरी तरह से पालन करती है। ये मानक यूरोप और अमेरिका जैसे प्रमुख वैश्विक विमानन क्षेत्रों के नियमों के समान ही हैं।
फिर भी, हमें लगता है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक कदम आगे बढ़ना आवश्यक है। इसीलिए, हमने अपने समूह के सभी पायलटों की पूरी जांच करने का निर्णय लिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी भी गैर-अनुमत दवा या नशीले पदार्थ का सेवन न कर रहे हों।” एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यह जांच प्रक्रिया गुरुग्राम स्थित अकादमी के साथ-साथ उड़ान के बाद एअर इंडिया के फ्लाइट ब्रीफिंग केंद्रों और कार्यालयों में आयोजित की जाएगी।
कंपनी ने आगे कहा, “नियामक मानकों से आगे बढ़कर उठाया गया यह कदम हमारे सुरक्षा और व्यावसायिकता के उच्च मापदंडों को दर्शाता है। इसका मुख्य उद्देश्य हमारे यात्रियों, हितधारकों और समाज को यह विश्वास दिलाना है कि एयर इंडिया सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करती।
एअर इंडिया दशकों से भारतीय विमानन का ध्वजवाहक रहा है। इस दौरान हमारे पायलटों और अन्य कर्मचारियों की व्यावसायिकता, कौशल और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने लाखों यात्रियों और आम जनता का विश्वास जीता है। यह विश्वास हमारी सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति है।
इसे सुरक्षित रखने और बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना हमारे लिए अत्यंत आवश्यक है। हाल ही में आपमें से कई लोगों ने हमसे संपर्क करके इसी भावना को व्यक्त किया है।”
यह भी पढ़ें-
