22 मार्च को बिहार दिवस है, जो राज्य के गठन और उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को याद करने का अवसर है। कई फिल्मों और टीवी शोज के साथ ही वेब सीरीज की शूटिंग भी बिहार में हो चुकी है। बिहार सरकार फिल्म इंडस्ट्री को बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति के साथ प्रोत्साहन भी दे रही है।
बिहार ने सिनेमा को कई शानदार एक्टर दिए हैं और अब राज्य खुद फिल्म हब बनने की राह पर है। नीति के तहत राज्य में फिल्म, टीवी सीरियल्स, वेब सीरीज और डॉक्यूमेंट्री शूटिंग करने वाले निर्माताओं को आर्थिक प्रोत्साहन के लिए सरकार कदम उठा रही है।
राज्य में 75 प्रतिशत से ज्यादा शूटिंग पर अतिरिक्त 50 लाख तक, राज्यकेंद्रित कहानी वाली फिल्मों के लिए 50 प्रतिशत या 2 करोड़ तक विशेष अनुदान, स्थानीय कलाकारों को मौका देने पर 10 से 25 लाख अतिरिक्त दिया जाता है। साथ ही भोजपुरी, मैथिली और मगही जैसी क्षेत्रीय भाषा फिल्मों के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान, जबकि हिंदी-अंग्रेजी के लिए 25 प्रतिशत तक अनुदान है।
टीवी सीरियल के लिए 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक, ओटीटी वेब सीरीज के लिए 2 से 3 करोड़ तक और डॉक्यूमेंट्री के लिए 30 से 40 लाख तक अनुदान का प्रावधान है, जो पर्यटन, विरासत, संस्कृति पर फोकस वाली हो। सभी अनुदान सेंसर बोर्ड के सर्टिफिकेट और रिलीज के बाद मिलते हैं।
बिहार की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक स्थल और सांस्कृतिक धरोहर अब फिल्ममेकर्स को आकर्षित कर रही हैं। प्रमुख लोकेशन में पटना का गोलघर, गंगा जेपी पाथ (मरीन ड्राइव जैसा रिवरसाइड रोड), महावीर मंदिर, राजगीर का घोड़ा कटोरा झील, विश्व शांति स्तूप, नालंदा, बोधगया, गया, जहानाबाद समेत वैशाली, पावापुरी, रोहतासगढ़ किला, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैसी जगहें शामिल हैं।
ये जगहें बॉलीवुड, भोजपुरी और वेब सीरीज के लिए इस्तेमाल हो रही हैं। नीति से राज्य में फिल्म सिटी, स्किल डेवलपमेंट और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।
‘मेक इन इंडिया’ पहल से भारत में विकास की अपार संभावनाएं: मित्सुबिशी केमिकल प्रेसिडेंट!



