अभी सर्दियों का मौसम चल रहा है तो उसके अनुसार हमारी खानपान की आदतों और त्वचा की देखभाल के तरीकों में बदलाव करने की जरूरत है। ठंडी हवाओं के कारण त्वचा रूखी हो जाती है, होंठ फटने लगते हैं और कई लोगों को सर्दी-जुकाम जैसी परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में आयुर्वेद में बताए गए कुछ आसान उपाय अपनाकर सर्दियों में अपनी सेहत का ध्यान रखा जा सकता है।
आयुर्वेद के अनुसार, सर्दियों में शरीर की पाचन शक्ति यानी जठराग्नि अपेक्षाकृत मजबूत रहती है। इस दौरान शरीर भारी और पौष्टिक भोजन को भी अच्छी तरह पचा सकता है। इसलिए इस मौसम में शरीर की जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में भोजन करने की सलाह दी जाती है।
ठंड के मौसम में त्वचा की नमी कम होने लगती है, जिससे रूखापन और खिंचाव महसूस हो सकता है। आयुर्वेद में सर्दियों के दौरान सरसों के तेल से शरीर की मालिश करने की सलाह दी गई है। इससे त्वचा को पोषण और नमी मिल सकती है। नहाने से पहले हल्के हाथों से तेल की मालिश करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
इस मौसम में ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण होंठों का फटना आम समस्या है। ऐसे में होंठों पर दूध की मलाई या घी लगाने से रूखेपन में राहत मिल सकती है। इसके अलावा शहद को पानी में मिलाकर होंठों पर लगाने का भी सुझाव दिया जाता है। इसके लिए शहद में उसकी दोगुनी मात्रा में पानी मिलाएं और फिर होंठों पर लगाएं।
