स्वतंत्रता दिवस पर चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान-2026 के लिए प्रदेश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा दो करोड़ राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) तैयार किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) ने यह लक्ष्य निर्धारित किया है। तिरंगों के निर्माण की जिम्मेदारी 50 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं संभालेंगी। इससे महिलाओं को अतिरिक्त आय होगी और अभियान में हर घर तक राष्ट्रध्वज पहुंचाने के अभियान को भी गति मिलेगी।
निदेशक यूपीएसआरएलएम अरुण कुमार ने इस संबंध में सभी डीएम, सीडीओ और जिला मिशन प्रबंधन इकाइयों को निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि जिलेवार निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा का निर्माण कराया जाए। उत्पादन, गुणवत्ता, आपूर्ति व भुगतान की नियमित समीक्षा की जाए। स्वयं सहायता समूहों को समयबद्ध भुगतान के भी निर्देश दिए गए हैं। समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले राष्ट्र ध्वज संबंधित सरकारी विभागों, सरकारी संस्थानों, स्थानीय निकायों व ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन विभागों एवं संस्थानों के माध्यम से तिरंगों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे अभियान के दौरान प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज पहुंच सके। अभियान को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि इससे राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के साथ महिला सशक्तिकरण, स्थानीय रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
