वर्तमान में सड़क मार्ग से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से बासुकीनाथ धाम पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लगता है। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद यह दूरी करीब 15 मिनट में तय की जा सकेगी। इस सेवा का मुख्य परिचालन केंद्र दुमका जिले के बासुकीनाथ हेलीपैड को बनाया गया है।
आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं के लिए केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक हवाई यात्रा ही नहीं, बल्कि आकाशीय दर्शन के विशेष पैकेज भी तैयार किए गए हैं।
वहीं, देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए प्रति यात्री 4,500 रुपए का किराया तय किया गया है। नागर विमानन विभाग के अनुसार, इस सेवा के लिए बेल-407 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें एक पायलट के अलावा अधिकतम पांच यात्री यात्रा कर सकेंगे। सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (जेएफआई) और मेसर्स एयरकैब एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया जाएगा।
हेलीपैड पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक स्थल पर एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रहे। सरकार ने टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी है। श्रद्धालु घर बैठे आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से हेलीकॉप्टर यात्रा और हवाई दर्शन की बुकिंग कर सकेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और देवघर, बासुकीनाथ तथा त्रिकूट पर्वत जैसे प्रमुख स्थलों को नई पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।
