“आतंकवाद पर भारत का संदेश साफ है; कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं”

मलेशिया से प्रधानमंत्री

“आतंकवाद पर भारत का संदेश साफ है; कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं”

"India's message on terrorism is clear: no double standards, no compromise."

कुआलालंपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच रविवार (8 फरवरी) को हुई व्यापक वार्ता के बाद भारत और मलेशिया ने रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और व्यापार सहित कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के लिए नई पहलों की घोषणा की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को दोहराते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा, “आतंकवाद पर हमारा संदेश बिल्कुल साफ है; कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच एक विशेष संबंध है और दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री शनिवार(7 फरवरी) को मलेशिया पहुंचे थे, जहां उनका भव्य रेड-कार्पेट स्वागत किया गया और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने स्वयं हवाई अड्डे पर आकर  उनका स्वागत किया। वार्ता से पहले प्रधानमंत्री मोदी को रविवार(8 फरवरी) सुबह पेरदाना पुत्रा में औपचारिक राजकीय स्वागत भी दिया गया।

संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और मलेशिया का एक विशेष संबंध है। हम समुद्री पड़ोसी हैं। सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे और आत्मीय संबंध रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “आज मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है, जहां भारतीय मूल की आबादी रहती है। हमारी सभ्यताएं, साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं।”

आतंकवाद और सुरक्षा सहयोग पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद-रोधी सहयोग, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि रक्षा सहयोग को अधिक व्यापक बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा, “AI और डिजिटल तकनीकों के साथ-साथ हम सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर भारत के दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हिंद-प्रशांत क्षेत्र दुनिया का उभरता हुआ विकास इंजन बन रहा है।” साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आसियान के साथ मिलकर पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, संपर्क, और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लगातार विस्तार दे रहे हैं। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक व्यापार और अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भारत ने अद्भुत और तेज़ उछाल दर्ज किया है।

दोनों नेताओं की इस मुलाकात को भारत-मलेशिया संबंधों में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख, तकनीकी सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता पर एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ें:

सऊदी अरब में भारतीय कंपनी के स्टॉल पर ‘हिंदू’ व्यक्ती का धर्म के आधार पर उत्पीड़न

गाजियाबाद ट्रीपल सुसाइड केस में नया मोड़; पिता की लिव-इन पार्टनर ने भी की थी ख़ुदकुशी

भारत और मलेशिया के 11 अहम समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

Exit mobile version