अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दी गई समय-सीमा नजदीक आ चुकी है, समय सीमा के समाप्त होते ही अमेरिका ने ईरान के बिजली घरों से लेकर पुलों तक बड़े और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर ढांचों को खंडहर बनाने की धमकी दी है। इसे देखते हुए तेहरान ने ईरानी युवाओं से देश के प्रमुख बिजली संयंत्रों के आसपास प्रतीकात्मक ‘मानव श्रृंखलाएं’ बनाने का आह्वान किया है। ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने खिलाड़ियों, कलाकारों और छात्रों सहित युवाओं से मंगलवार (7 अप्रैल) दोपहर 2:00 बजे (स्थानीय समय) से इन स्थानों पर इकट्ठा होने की अपील की है।
यह पहल ट्रम्प द्वारा दी गई समय-सीमा समाप्त होने से लगभग 13 घंटे पहले की है, जो बुधवार (8 अप्रैल)तड़के 3:30 बजे (स्थानीय समय) समाप्त होती है। ऐसा ईरान के युवा मामलों के उपमंत्री अलीरेज़ा रहीमी ने एक वीडियो संदेश में कहा“यह पहल खुद युवाओं के सुझाव पर आधारित है।” विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र, युवा कलाकार और संगठनों ने बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाने का प्रस्ताव दिया था। ईरानी मंत्रियों के अनुसार, इस प्रतीकात्मक अभियान को उज्ज्वल भविष्य के लिए ईरान के युवाओं की मानव श्रृंखला कहा जा रहा है।
तेहरान द्वारा 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर स्थायी रूप से युद्ध समाप्त करने की मांग के बीच, ट्रम्प ने अपने अल्टीमेटम को और सख्त करते हुए ईरान के सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बनाने की धमकी दी है। “पूरा देश एक ही रात में खत्म किया जा सकता है, और वह रात शायद कल की रात हो।” ऐसा कहकर ट्रम्प ने संकेत दिया कि उनकी समय-सीमा तय है और वे पहले ही ईरान को पर्याप्त समय दे चुके हैं।
अमेरिका ने ईरान से कहा है कि वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज़ जलडमरूमध्य को सभी समुद्री यातायात के लिए खोले, अन्यथा बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट किया जाएगा। इस चेतावनी के साथ संभावित युद्ध अपराधों को लेकर भी चिंता जताई गई है। अमेरिका के सहयोगी देश इज़रायल ने भी एक बड़े पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमला कर और अर्धसैनिक ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के खुफिया प्रमुख को मारकर तेहरान पर दबाव बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें:
न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में सुप्रीम कोर्ट की पश्चिम बंगाल प्रशासन पर तीखी टिप्पणियां
सबरीमला मामला फिर सुप्रीम कोर्ट में, 9 जजों की संविधान पीठ के सामने होगी सुनवाई
ISIS मॉड्यूल का किया भंडाफोड़: खिलौने की कार में बम लगाकर हमले की साजिश नाकाम



