ईरान के सबसे शक्तिशाली राजनीतिक व्यक्तियों में से एक, देश की सुरक्षा नीति का नेतृत्व करने वाले और मौजूदा युद्ध के दौरान तेहरान का प्रमुख चेहरा माने जाने वाले अली लारिजानी, उनके बेटे, उपप्रमुख और अंगरक्षकों की तेहरान के पास उनकी बेटी के घर पर हुए हवाई हमले में मौत हो गई है। ईरानी अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टी की है। इससे पहले इज़राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने दावा किया था कि अली लारिजानी इज़राइली हवाई हमले में मारे गए थे।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने बताया कि तेहरान के उत्तर-पूर्व में स्थित परदिस इलाके में तड़के अली लारिजानी की हत्या हुई। उनके साथ उनके बेटे मोर्तेज़ा लारिजानी, सुरक्षा उपप्रमुख अलीरेज़ा बायात और कई अंगरक्षक भी मौजूद थे। परिषद ने एक बयान में कहा, “तड़के के समय वे अपने बेटे मोर्तेज़ा, अलीरेज़ा बायात और कई अंगरक्षकों के साथ शहीद हो गए।”
मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान के वरिष्ठ नेतृत्व पर यह अब तक का सबसे सीधा हमला माना जा रहा है, जिसमें पहले ही कई उच्च पदस्थ अधिकारियों को निशाना बनाया जा चुका है। इज़राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने पहले कहा था कि इज़राइली हमलों में मारे गए वरिष्ठ अधिकारियों में लारिजानी भी शामिल है। इसी हमलों की श्रृंखला में ईरान के बसिज़ अर्धसैनिक बल के प्रमुख गुलामरेज़ा सोलेमानी के मारे जाने की भी पुष्टि इज़राइल ने की थी।
इज़राइली सेना ने संकेत दिए हैं कि वह ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाना जारी रखेगी। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा कि इज़राइल ईरान के संभावित नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का पीछा करेगा। उन्होंने कहा, “हमें मोजतबा खामेनेई के बारे में कुछ खास जानकारी नहीं है, न हम उसे सुनते हैं और न ही देखते हैं। लेकिन मैं आपको एक बात निश्चित रूप से बता सकता हूं: हम उसका पता लगाएंगे, उसे ढूंढ निकालेंगे और निष्प्रभावी करेंगे।”
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ये हमले ईरान के नेतृत्व को कमजोर करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं, ताकि “ईरानी जनता को उस नेतृत्व को हटाने का अवसर मिल सके।” हालांकि, लगातार हो रहे हमलों से बचने के लिए नागरिकों के शरण लेने के बावजूद, ईरान में किसी बड़े आंतरिक अस्थिरता के स्पष्ट संकेत अब तक सामने नहीं आए हैं।
यह भी पढ़ें:
चुनाव में सुवेंदु अधिकारी एक बार फिर ममता बनर्जी को हराएंगे: समिक भट्टाचार्य!
मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 44 हजार जोड़े जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे!



