पुणे की नौकरी छोड़ी, आधुनिक खेती से उदय कमा रहे लाखों!

उन्होंने अपने गांव में ही कुछ नया करने का फैसला किया। यूट्यूब से खेती की बारीकियां सीखीं और बीएचयू तथा आईसीएआर से प्रशिक्षण लेकर आधुनिक खेती की शुरुआत की।

पुणे की नौकरी छोड़ी, आधुनिक खेती से उदय कमा रहे लाखों!

Left-his-job-in-Pune-Uday-is-now-earning-lakhs-through-modern-farming

झारखंड में चतरा के नक्सल प्रभावित इलाके से निकले युवा उदय कुमार आज आधुनिक खेती के जरिए सफलता की नई कहानी लिख रहे हैं। लावालौंग प्रखंड के अंबाटांड़ गांव निवासी उदय ने पॉलिटेक्निक और बीटेक की पढ़ाई के बाद पुणे की एक मल्टीनेशनल कंपनी में क्वालिटी इंजीनियर की नौकरी की, लेकिन 26 हजार रुपए के मासिक वेतन वाली नौकरी छोड़कर उन्होंने अपने गांव में ही कुछ नया करने का फैसला किया। यूट्यूब से खेती की बारीकियां सीखीं और बीएचयू तथा आईसीएआर से प्रशिक्षण लेकर आधुनिक खेती की शुरुआत की।

शुरुआत तीन एकड़ में मिर्च की खेती से हुई। सफलता मिलने के बाद इस साल वह पांच एकड़ में मिर्च और तीन एकड़ में टमाटर की खेती कर रहे हैं। खेती में ड्रिप इरिगेशन यानी टपका सिंचाई तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत उदय को ड्रिप सिंचाई सिस्टम लगाने में 90 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिला। इससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर हुई, पानी की बचत हुई और पौधों की जड़ों तक सीधे पानी पहुंचने लगा।
उदय इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हैं और कहते हैं कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिले तो किसानों की तरक्की का रास्ता आसान हो सकता है।

आईएएनएस से बातचीत में उदय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई योजना अच्छी है। इससे लोगों की बचत हो रही है और उनका मुनाफा बढ़ रहा है। उदय ने बताया कि वह तरबूज, करेला, बैंगन समेत कई सब्जियों की खेती कर रहे हैं।

उदय के खेतों में उत्पादित मिर्च और टमाटर की मांग बिहार और झारखंड के कई बड़े बाजारों में है। पटना, गया, औरंगाबाद, रांची, हजारीबाग और धनबाद समेत कई शहरों के व्यापारी उनके खेतों से सब्जियां खरीदते हैं। उदय के मुताबिक, खेती से उन्हें हर महीने करीब 10 लाख रुपए की शुद्ध आय हो रही है। उनकी इस पहल से गांव की 10 महिलाओं को रोजगार भी मिला है।

अब उदय शिमला मिर्च, चेरी टमाटर और स्ट्रॉबेरी की खेती का विस्तार करने की तैयारी में हैं। उनकी यह सफलता ग्रामीण युवाओं को खेती में नई संभावनाएं तलाशने की प्रेरणा दे रही है।

यह भी पढ़ें-
अनुपम खेर ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया, बताया सशक्तीकरण जरूरी!
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए जारी किया व्हिप!
Exit mobile version