खाड़ी देशों के बाद अब पूर्वी एशिया में सैन्य तनाव बढ़ गया है। उत्तर कोरिया ने शनिवार (14 मार्च)को जापान सागर की दिशा में लगभग 10 संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस बारे में जानकारी संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने दी। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के सुनान क्षेत्र से दोपहर लगभग 1:20 बजे (0420 GMT) लॉन्च की गईं और पूर्व की ओर समुद्र की दिशा में गईं। दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों ने बताया कि लॉन्च किए गए प्रोजेक्टाइल ‘अज्ञात बैलिस्टिक मिसाइल’ प्रतीत होते हैं।
इस बीच जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि उत्तर कोरिया ने एक संभावित बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, “शायद उत्तर कोरिया से बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की गई थी।” कुछ ही मिनट बाद एक अन्य पोस्ट में कहा की,” ऐसा माना जाता है कि यह प्रोजेक्टाइल पहले ही गिर चुका है।”
[Emergency alert]
North Korea has launched a suspected ballistic missile. More updates to follow.— PM's Office of Japan (@JPN_PMO) March 14, 2026
मिसाइल परीक्षण के बाद जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के कार्यालय ने तुरंत सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया है कि वे विमानों, जहाजों और सैन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा सभी एहतियाती उपायों और संभावित आपात योजनाओं को तैयार रखें।
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने इससे पहले भी बताया था कि उत्तर कोरिया ने एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल पूर्व दिशा में दागा है। हालांकि उसके प्रकार या क्षमता के बारे में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
रिपोर्टों के अनुसार ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास समुद्र की ओर गिरीं और संभवतः जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर गिरीं। जापान के सार्वजनिक प्रसारक NHK ने रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।
यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने पांच दिन पहले बड़े संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किए हैं। दोनों देशों का कहना है कि ये अभ्यास पूरी तरह रक्षात्मक हैं और उत्तर कोरिया से संभावित सैन्य खतरों के खिलाफ तैयारी को मजबूत करने के लिए आयोजित किए जाते हैं।
हालांकि परमाणु हथियारों से लैस उत्तर कोरिया इन अभ्यासों का लगातार विरोध करता रहा है। प्योंगयांग का आरोप है कि ऐसे सैन्य अभ्यास उसके खिलाफ संभावित आक्रमण की ड्रेस रिहर्सल हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस ताजा मिसाइल परीक्षण से कोरियाई प्रायद्वीप में पहले से मौजूद तनाव और बढ़ सकता है। हाल के महीनों में उत्तर कोरिया कई बार मिसाइल परीक्षण कर चुका है, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें:
अमेरिका का ‘यू वीज़ा’ पाने के लिए भारतीयों ने रचा डकैती का नाटक, 11 लोग गिरफ्तार
ईरान की चेतावनी: अमेरिकी सहयोगी तेल ढांचे को राख में बदल देंगे
लोकसभा में ट्रांसजेंडर के कानून में संशोधन विधेयक पेश, ‘स्व-घोषित लैंगिक पहचान’ परिभाषा से हुई बाहर
सोनम वांगचुक को हिरासत से छोड़ने का फैसला
उत्तर कोरिया ने जापान सागर की ओर दागे करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइल
