अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI की रोबोटिक्स प्रमुख कैटलिन कलिनोव्स्की ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह फैसला उस समय सामने आया है जब कंपनी ने हाल ही में अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ एआई तकनीक के उपयोग को लेकर एक समझौते की पुष्टि की थी। इस समझौते के बाद एआई के सैन्य और निगरानी उपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है।
कैलिनोव्स्की OpenAI कंपनी में रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर डिवीजन का नेतृत्व कर रही थीं शनिवार (7 मार्च) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने अपने निर्णय को अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ हुए हालिया समझौते को लेकर उठी चिंताओं से जोड़ा।
इस समझौते के तहत पेंटागन को OpenAI के एआई मॉडल अपने क्लासिफाइड क्लाउड नेटवर्क पर इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। अमेरिकी रक्षा विभाग इस तकनीक का उपयोग विभिन्न रक्षा और सुरक्षा कार्यों में संभावनाएं तलाशने के लिए करना चाहता है।
कैलिनोव्स्की ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में एआई की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है, लेकिन उन्होंने इसके संभावित दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, “नेशनल सिक्योरिटी में AI का अहम रोल है। लेकिन बिना कोर्ट की निगरानी के अमेरिकियों पर निगरानी और बिना इंसानी इजाज़त के जानलेवा ऑटोनॉमी, ऐसी बातें हैं जिन पर जितना सोचा गया, उससे कहीं ज़्यादा सोचा जाना चाहिए था।”
कैलिनोव्स्की ने कहा कि उनका इस्तीफा सिद्धांतों के आधार पर लिया गया निर्णय है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी चिंताएं कंपनी के किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम अल्टमैन और टीम के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कंपनी में किए गए रोबोटिक्स कार्य पर गर्व है।
उन्होंने यह भी कहा कि पेंटागन के साथ हुआ समझौता बहुत जल्दबाजी में घोषित कर दिया गया और इसके उपयोग को लेकर सुरक्षा उपायों को पर्याप्त समय नहीं दिया गया। अपने एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “यह सबसे पहले और सबसे ज़रूरी गवर्नेंस की चिंता है। ये डील्स या अनाउंसमेंट के लिए बहुत ज़रूरी हैं, इसलिए जल्दबाज़ी नहीं की जा सकती।”
विवाद के बीच OpenAI ने इस साझेदारी का बचाव करते हुए कहा कि एआई के उपयोग को लेकर कंपनी की नीतियों में स्पष्ट सुरक्षा प्रावधान मौजूद हैं। कंपनी के अनुसार उसकी नीतियां घरेलू निगरानी और पूरी तरह स्वायत्त हथियार प्रणालियों जैसे उपयोगों की अनुमति नहीं देतीं।
कंपनी ने बयान में कहा, “हम मानते हैं कि इन मुद्दों पर लोगों के मज़बूत विचार हैं और हम दुनिया भर में कर्मचारियों, सरकार, सिविल सोसाइटी और समुदायों के साथ चर्चा करते रहेंगे।”
कैलिनोव्स्की 2024 में OpenAI से जुड़ी थीं। इससे पहले वह मेटा प्लेटफॉर्म्स में ऑगमेंटेड रियलिटी हार्डवेयर से जुड़े प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व कर चुकी थीं। ओपनएआई में वह कंपनी के रोबोटिक्स और उपभोक्ता हार्डवेयर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
यह भी पढ़ें:
न्यूयॉर्क: मेयर ज़ोहरान ममदानी के घर के बाहर इस्लाम विरोधी प्रदर्शन; दो लोग हिरासत में
बेरूत के होटल पर इज़राइल का एयरस्ट्राइक, 4 की मौत
प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे दिल्ली की पहली रिंग मेट्रो का उद्घाटन



