बांग्लादेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार (17 फरवरी) को ढाका में आयोजित होने वाले बांग्लादेश के निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। यह निमंत्रण अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसरमुहम्मद यूनुस की ओर से भेजा गया। हालांकि, भारत की ओर से अब तक प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
शपथ ग्रहण समारोह ढाका स्थित नेशनल पार्लियामेंट के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस अवसर पर 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित देशों में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ़ के समारोह में शामिल होने की संभावना है।
नई सरकार का नेतृत्व बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान करेंगे। वे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिआ के पुत्र हैं। बीएनपी ने हालिया आम चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की है। 300 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए आवश्यक 151 से अधिक सीटें जीतकर पार्टी ने स्पष्ट जनादेश हासिल किया। यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को छात्र आंदोलन के नाम पर सत्ता से हटने के बाद आयोजित पहला राष्ट्रीय चुनाव था।
चुनाव में इस्लामी दल जमात-ए-इस्लामी गठबंधन मुख्य विपक्ष के रूप में उभरा, जबकि पुरे चुनाव में लगभग 59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साथ ही शासन सुधारों पर एक संवैधानिक जनमत संग्रह भी पारित हुआ।
चुनाव परिणामों के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई दी थी। बीएनपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मोदी के संदेश के लिए आभार व्यक्त किया और उनके नेतृत्व की सराहना के लिए धन्यवाद दिया। पार्टी ने लोकतांत्रिक शासन और राष्ट्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बांग्लादेश समावेशी और प्रगतिशील विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
बीएनपी ने यह भी संकेत दिया कि वह भारत के साथ आपसी सम्मान, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए रचनात्मक संवाद को आगे बढ़ाना चाहती है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या प्रधानमंत्री मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और नई दिल्ली-ढाका संबंधों की दिशा क्या होगी।
यह भी पढ़ें:
देश में टीपू सुल्तान जैसे आक्रांताओं का सम्मान निंदनीय और चिंताजनक : आरपी सिंह!
लापता भारतीय छात्र कैलिफोर्निया में पाया गया मृत
T20 विश्व कप 2026: भारत-पाकिस्तान मैच पर बारिश का साया; मैच धूल गया तो कैसे बटेंगे पॉइंट्स
