अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अपनी ताजा मौद्रिक नीति बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (FOMC) के फैसले की जानकारी देते हुए फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा कि ब्याज दरें फिलहाल 4.25% से 4.50% के दायरे में बनी रहेंगी। हालांकि उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर अनिश्चितता और भविष्य में जोखिम बने रहने की आशंका भी जताई। डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद यह फेड का पहला बड़ा नीति निर्णय माना जा रहा है।
फेड के फैसले और मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 20 मार्च को लगातार चौथे दिन शानदार तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स करीब 800 अंकों की उछाल के साथ 76,280 के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 50 में 265 अंकों की बढ़त दर्ज की गई और यह 23,175 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। आज के सत्र में भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक टॉप गेनर्स में शामिल हैं, जबकि टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस के शेयरों में कमजोरी दिखी है।
वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। बुधवार को डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.92 फीसदी चढ़कर 41,964.63 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी रही, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 1.41 फीसदी उछलकर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर जगहों पर मजबूती देखने को मिल रही है, हालांकि हांगकांग का हैंग सेंग करीब एक फीसदी टूट गया।
कमोडिटी बाजार में सोने की कीमतें नई ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। भारत में 24 कैरेट सोना 90,045 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं डॉलर इंडेक्स 103.41 पर मजबूत बना हुआ है और रुपया 19 मार्च को डॉलर के मुकाबले 86.43 पर बंद हुआ।
निवेश के मोर्चे पर विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,096 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,140 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया। कच्चे तेल की कीमतों में भी हल्की तेजी दर्ज की गई है, जिससे वैश्विक संकेत फिलहाल संतुलित नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
असम में 40 फीसदी बांग्लादेशी मुस्लिम: हिमंत बोले, 2027 जनगणना बताएगी!
