भारत से करारी शिकस्त के बाद मोहसिन नकवी पर बरसे शोएब अख्तर

भारत से करारी शिकस्त के बाद मोहसिन नकवी पर बरसे शोएब अख्तर

Shoaib Akhtar lashed out at Mohsin Naqvi after India's crushing defeat

T20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट सकते में आ चूका है। क्रिकेट फैंस के साथ पूर्व क्रिकेटर्स भी पाकिस्तान के घटिया खेल पर उखड़े हुए है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले 175/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और फिर पाकिस्तान को 114 रन पर समेट दिया। हार से तिलमिलाए पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर तीखा हमला बोला।

‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर अख्तर ने एबीपी न्यूज से बातचीत में नकवी को अकार्यक्षम और जाहिल तक कह दिया। उन्होंने कहा, “दुनिया में सबसे बड़ा अपराध है किसी खास काम को नाकाबिल लोगों को देना।” अख्तर ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान क्रिकेट में पिछले 15-20 वर्षों से कोई ठोस निवेश नहीं हुआ और मौजूदा प्रतिभाएं दबाव झेलने में सक्षम नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “हम मैच में कहीं नहीं थे… शाहीन 125 kmph की रफ़्तार से बॉलिंग कर रहा था। यह मॉडर्न क्रिकेट की ज़रूरत नहीं है।” अख्तर ने टीम चयन और रणनीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि पाकिस्तान अब भारत को हराने का सपना भी नहीं देख सकता। उन्होंने इशारों-इशारों में बाबर आजम पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी को “सुपरस्टार” बना दिया गया है जो टीम को मैच नहीं जिता पा रहा।

मोहसिन नकवी फरवरी 2024 में जका अशरफ की जगह PCB अध्यक्ष बने थे। वह पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और अप्रैल 2025 से एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं। वह पहले भी कई विवादों में घिरे रहे हैं। एशिया कप फाइनल में भारत से हार के बाद वह किसी खिसियानी बिल्ली की तरह ट्रॉफी लेकर भाग गए थे।

हाल ही में उन्होंने T20 विश्व कप में आखिरी समय में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया तब पाकिस्तान टीम की ओर से बहिष्कार की धमकी भी दी थी। हालांकि, बाद में पाकिस्तान सरकार ने टीम को श्रीलंका भेजने की अनुमति दी, लेकिन भारत के खिलाफ कोलंबो मैच के बहिष्कार की घोषणा की गई थी। मैच से एक सप्ताह पहले नकवी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के साथ आपात बैठक के बाद इस फैसले से यू-टर्न ले लिया।

मुकाबले से पहले नकवी टीम से मिलने कोलंबो पहुंचे थे और स्टेडियम में भी मौजूद थे। वही मुकाबले से पहले मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मिलने के लिए बुलाया था, और उन्हें प्रदर्शन कैसा करना चाहिए इसकी नसीहत तक दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान की खराब शुरुआत के बाद वह मैच खत्म होने से पहले ही मैदान से भाग खड़े हुए।

भारत ने इस जीत के साथ ICC टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर अपना दबदबा बरकरार रखा है। वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट में नेतृत्व, प्रबंधन और प्रदर्शन को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है, जिसमें शोएब अख्तर की टिप्पणियों ने आग में घी का काम किया है।

यह भी पढ़ें:

विश्व शांति का प्रकाशस्तंभ बना बीएपीएस मंदिर, दो गौरवशाली वर्षों की पूर्णता!

बांग्लादेश: भूटान पीएम से ओम बिरला तक, शपथ समारोह तैयारी तेज! 

आसाम: कांग्रेस को बड़ा झटका, भूपेन बोरा ने पार्टी से दिया इस्तीफा

Exit mobile version