अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (19 सितंबर) को एक और सैन्य कार्रवाई की घोषणा की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कथित ‘ड्रग-ट्रैफिकिंग’ जहाज को निशाना बनाया गया। ट्रंप का कहना है कि यह जहाज एक नामित आतंकवादी संगठन से जुड़ा था। इस हमले में तीन पुरुष “नार्कोटेररिस्ट” मारे गए।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मेरे आदेश पर, सेक्रेटरी ऑफ वॉर ने यूएससाउथकॉम (यूएस साउदर्न कमांड) के क्षेत्राधिकार में एक जहाज पर घातक हमला किया। खुफिया रिपोर्टों ने पुष्टि की थी कि यह जहाज अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था और अमेरिका में ज़हर फैलाने के इरादे से एक ज्ञात मार्ग पर आगे बढ़ रहा था।”
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि इस ऑपरेशन में किसी अमेरिकी सैनिक को कोई नुकसान नहीं हुआ। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा“अमेरिका में फेंटेनाइल, नशीले पदार्थ और अवैध ड्रग्स बेचना तथा अमेरिकियों के खिलाफ हिंसा और आतंकवाद करना बंद करो!!!” ट्रंप ने इसके साथ हमले का वीडियो भी साझा किया।
यह इस महीने का तीसरा घातक हमला है, जिसे अमेरिकी सेना ने कथित ड्रग्स की तस्करी करने वाले जहाजों पर अंजाम दिया है। इससे पहले इसी हफ्ते, ट्रंप ने दावा किया था कि दक्षिण अमेरिका के पास एक और जहाज को निशाना बनाकर तीन लोगों को मारा गया।
ट्रंप ने सोमवार को जारी एक वीडियो में कहा था कि उस जहाज से कोकीन और फेंटानिल के बड़े-बड़े पैकेट समुद्र में बिखरे मिले। वहीं, इस महीने की शुरुआत में कैरिबियाई सागर में अमेरिकी हमले में 11 लोग मारे गए थे, जिन्हें वेनेज़ुएला के कुख्यात गिरोह Tren de Aragua से जुड़ा बताया गया था।
हालांकि इन हमलों को लेकर विवाद भी खड़े हो रहे हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंटागन अधिकारियों ने अब तक यह पुख्ता सबूत नहीं दिए हैं कि पहले हमले में मारे गए लोग वास्तव में Tren de Aragua से जुड़े थे।
सीनेट की आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के वरिष्ठ सदस्य जैक रीड ने कहा, “इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह हमला आत्मरक्षा में किया गया था। यह बेहद अहम है, क्योंकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कानून दोनों के तहत अमेरिकी सेना को किसी नागरिक जहाज पर सिर्फ आत्मरक्षा की स्थिति में ही घातक हमला करने का अधिकार है।”
रक्षा मंत्री पीट हगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में ऐसी और कार्रवाइयां हो सकती हैं। रुबियो ने मेक्सिको और इक्वाडोर की यात्रा के दौरान कहा था, “अमेरिका उन ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ युद्ध छेड़ेगा जो अमेरिकी सड़कों पर मौत फैला रहे हैं।”
यह भी पढ़ें:
“सादिक खान दुनिया के सबसे खराब मेयरों में से एक”: ट्रंप का बड़ा हमला
‘बांग्लादेश को धार्मिक कट्टरवाद की गर्त में धकेल रहे मुहम्मद यूनुस।’
धोरडो गांव बना गुजरात का चौथा सोलर विलेज, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे लोकार्पण!
