महाराष्ट्र एटीएस ने आतंकी संबंधों के संदेह में 21 स्थानों पर की छापेमारी

महाराष्ट्र एटीएस ने आतंकी संबंधों के संदेह में 21 स्थानों पर की छापेमारी

Maharashtra ATS raids 21 locations on suspicion of terror links

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने रविवार (15 फरवरी)को राज्यभर में 21 स्थानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई उन इनपुट्स के बाद की गई, जिनमें कुछ युवाओं को आतंकी संगठनों से संपर्क नेटवर्क के जरिए सक्रिय करने और कट्टरपंथी बनाने की कोशिशों की आशंका जताई गई थी।

समाचार एजेंसीयों के अनुसार, तलाशी अभियान यवतमाल जिले के पुसद और उमरखेड़ में 14 स्थानों तथा अहिल्यानगर  में सात स्थानों पर चलाया गया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह से ही कई एटीएस टीमों को एक साथ विभिन्न ठिकानों पर तैनात किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई संभावित आतंकी संगठनों से जुड़े संपर्कों और गतिविधियों की जांच के तहत की जा रही है। तलाशी के दौरान दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। छापेमारी पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।

इससे पहले 12 दिसंबर को प्रवर्तन निदेशालय  (ईडी) ने ठाणे जिले के पडघा के पास बोरिवली गांव में समन्वित तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें महाराष्ट्र के एंटी टेररिज्म स्कॉड ने सहयोग किया था। यह कार्रवाई संदिग्ध आतंकी फंडिंग और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की गई थी।

बताया गया कि यह तलाशी अभियान महाराष्ट्र के करीब 40 स्थानों पडघा, पुणे और मालेगांव के अलावा दिल्ली में भी चलाया गया था। जांच एजेंसियां आतंक से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

ED ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा दर्ज आईएसआईएस मॉड्यूल मामले से संबंधित एक ECIR भी दर्ज किया है। यह मामला साकिब नाचन से जुड़े ISIS मॉड्यूल और पुणे ISIS  मॉड्यूल केस से संबंधित बताया गया है। जहां एटीएस इन मॉड्यूल की समानांतर जांच कर रही है, वहीं वह ED को खुफिया सूचनाएं, सुराग और जमीनी अपडेट साझा कर रही है, ताकि तलाशी अभियान समन्वित और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

फिलहाल एजेंसियां एकत्र किए गए साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। आधिकारिक बयान आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारी के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:

भारत की ‘नो-हैंडशेक’ नीति पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर को लगती है बेतुकी !

थांवला में महाकाल तर्ज पर भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजित!

अमित शाह ने राहुल को खुली बहस की चुनौती दी!

Exit mobile version