भारत की सबसे तेज मेट्रो और नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

भारत की सबसे तेज मेट्रो और नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

PM Modi to inaugurate India's fastest metro and Namo Bharat Corridor

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की पहली नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली (RRTS) के शेष हिस्सों और 23 किलोमीटर लंबे मेरठ मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ RRTS कॉरिडोर का पूरा संचालन शुरू हो जाएगा। उद्घाटन के बाद शाम 6 बजे से सेवाएं आम जनता के लिए प्रारंभ होंगी।

दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री भारत की पहली नमो भारत RRTS के शेष खंडों का लोकार्पण करेंगे। इसमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का हिस्सा तथा मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का सेक्शन शामिल है। पूर्ण संचालन के बाद दिल्ली से मेरठ की यात्रा अब एक घंटे से भी कम समय में पूरी हो सकेगी।

180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम डिजाइन गति और 160 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति के साथ यह RRTS दिल्ली और साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर व मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी लाएगी।

23 किलोमीटर लंबी मेरठ मेट्रो कई हिस्सों में RRTS ट्रैक के साथ संचालित होगी। यह देश की सबसे तेज मेट्रो सेवा मानी जा रही है। इसकी अधिकतम परिचालन गति लगभग 120 किमी प्रति घंटा होगी और यह पूरा मार्ग करीब 30 मिनट में तय करेगी। यह पहली बार है जब नमो भारत ट्रेन और मेट्रो एक ही RRTS ट्रैक पर चलेंगी।

इस कॉरिडोर में 13 स्टेशन हैं मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो। यात्रियों को मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर मेट्रो और आरआरटीएस के बीच इंटरचेंज सुविधा मिलेगी।

साथ ही सराय काले खां स्टेशन को एक बड़े मल्टी-मोडल हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय ISBT और रिंग रोड से सीधा संपर्क मिलेगा।

RRTS में स्मार्ट टिकटिंग वेंडिंग मशीन और क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा दी गई है। भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, जिससे प्रस्तावित दिल्ली से अलवर और दिल्ली से करनाल रैपिड रेल कॉरिडोर से एकीकरण संभव होगा।

नमो भारत ट्रेन का डिजाइन बुलेट ट्रेन जैसा आधुनिक है, जिसमें पूर्ण डिजिटल ड्राइवर कंसोल, प्रीमियम कोच, मोबाइल- लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट, सन-प्रोटेक्शन ब्लाइंड्स और आरामदायक सीटें उपलब्ध हैं। महिलाओं के लिए समर्पित कोच, पर्याप्त लगेज स्पेस और पीक आवर्स में अतिरिक्त खड़े होने की जगह भी उपलब्ध कराई गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:15 बजे शताब्दी नगर स्टेशन के पास मोहकमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे, जबकि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर 11:30 बजे वहां उतरेगा।

दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे और मुख्यमंत्री के साथ मेट्रो से मेरठ साउथ तक यात्रा करेंगे। इसके बाद लगभग 1 बजे वह मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली से पहले करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। दोपहर 2:10 बजे के आसपास उनके हिंडन एयरपोर्ट लौटने की संभावना है।

उद्घाटन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उनके साथ मेरठ के सांसद अरुण गोविल भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। दिल्ली–एनसीआर में क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट नेटवर्क के विस्तार की दिशा में यह परियोजना केंद्र सरकार की व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रा समय घटाना, यातायात दबाव कम करना और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देना है।

यह भी पढ़ें:

22 फरवरी विशेष अभियान, बूथों पर मतदाता सूची ​में संशोधन ​का मौका​! ​

आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में 8 गिरफ्तार; पाकिस्तान-बांग्लादेश टेरर मॉड्यूल से संबंध

अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर पॉक्सो के तहत प्राथमिकी दर्ज !

Exit mobile version