रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के साथ अपने देश के रिश्तों को “विशेष” बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की। पुतिन ने कहा कि मोदी उनके “अच्छे मित्र” हैं और दोनों देशों के संबंध अमेरिका के टैरिफ के बावजूद और मजबूत होंगे। यह बयान पुतिन ने गुरुवार (2 ओक्टोबर) को रूस में आयोजित वलदाई डिस्कशन क्लब के मंच से दिया। इसी दौरान उन्होंने भारत-रूस व्यापारिक रिश्तों, अमेरिका द्वारा लगाए गए दंडात्मक टैरिफ और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विस्तार से चर्चा की।
पुतिन ने कहा कि मॉस्को और नई दिल्ली का रिश्ता हमेशा से खास रहा है, जिसकी जड़ें सोवियत संघ और भारत की आज़ादी की लड़ाई के दिनों तक जाती हैं। उन्होंने कहा, “भारत में लोग इसे याद रखते हैं, जानते हैं और महत्व देते हैं। हमने कभी भारत से कोई विवाद या अंतर-राज्यीय तनाव नहीं देखा। कभी नहीं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें संतुलित, बुद्धिमान और राष्ट्रहित में काम करने वाले नेता बताया। पुतिन ने जोड़ा कि वे और मोदी व्यक्तिगत तौर पर भी अच्छे मित्र हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर पुतिन ने कहा, “भारत को अमेरिकी टैरिफ से होने वाले नुकसान की भरपाई रूसी कच्चे तेल के आयात से हो जाएगी। इसके साथ ही भारत एक संप्रभु राष्ट्र के तौर पर प्रतिष्ठा भी पाएगा।” उन्होंने संकेत दिया कि रूस भविष्य में भारत से कृषि उत्पादों और दवाओं के आयात को बढ़ा सकता है ताकि अमेरिका की नीतियों से बने किसी भी असंतुलन को दूर किया जा सके।
पुतिन ने कहा कि वे दिसंबर में भारत यात्रा को लेकर उत्साहित हैं और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मोदी को भरोसेमंद साथी बताया। अपने संबोधन में उन्होंने भारत-रूस सांस्कृतिक रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रूस दुनिया का इकलौता ऐसा देश है, जहां भारत के बाहर भारतीय फिल्मों का समर्पित चैनल 24 घंटे प्रसारित होता है।
पुतिन की यह यात्रा दिसंबर में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन का हिस्सा होगी, जहां वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ ऊर्जा, रक्षा और व्यापार पर अहम समझौते कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में बारिश-बाढ़ से तबाही, मरने वालों का आंकड़ा 1006 पार!
नए स्टेम सेल शोध से खोए हुए दांतों की पुनर्जीवित होने की राह खुली!
राहुल गांधी पर भड़की भाजपा, कहा- बयान भारतीय लोकतंत्र और प्रगति विरोधी!
कनाडा में थिएटर पर हमला, ‘कांतारा: चैप्टर 1’ समेत रोकी गई भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग!



