GST 2.0 लागू होने के बाद कार कंपनियां ग्राहकों को इसका पूरा फायदा देने लगी हैं। फ्रांसीसी ऑटो कंपनी रेनॉ इंडिया ने शनिवार (6 सितंबर)को अपनी तीन लोकप्रिय कारों क्विड, ट्राइबर और काइगर की कीमतों में ₹96,395 तक की कटौती की घोषणा की। d
कंपनी ने बताया कि नई कीमतें 22 सितंबर से होने वाली सभी डिलीवरी पर लागू होंगी, जबकि बुकिंग्स आज से ही संशोधित दरों पर की जा सकती हैं। कटौती के बाद अब क्विड की शुरुआती कीमत ₹4,29,900 (एक्स-शोरूम), जबकि ट्राइबर और काइगर की शुरुआती कीमत ₹5,76,300 (एक्स-शोरूम) होगी। रेनॉ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर वेनकट्रम ममिल्लापल्ले ने कहा, “जीएसटी 2.0 का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना हमारे वादे का हिस्सा है। हमें विश्वास है कि यह पहल हमारी कारों को ज्यादा सुलभ बनाएगी और त्योहारों के मौसम में मांग को और ऊर्जा देगी।”
रेनॉ के फैसले से पहले टाटा मोटर्स ने भी ग्राहकों को नई दरों का पूरा लाभ देने की घोषणा की थी। इसके तहत टियागो के दामों में ₹75,000 तक की कमी और नेक्सॉन में ₹1,55,000 तक की कमी होगी। नई जीएसटी 2.0 दरों के तहत अब सभी पेट्रोल और डीजल कारों पर केवल 18% या 40% टैक्स लगेगा। हैचबैक, कॉम्पैक्ट सेडान और कॉम्पैक्ट एसयूवी जैसे छोटे वाहनों पर 18% टैक्स, जबकि मिड-साइज़, बड़ी और लग्जरी कारों पर 40% टैक्स लागू होगा।
पहले आईसीई (ICE) वाहनों पर 28% जीएसटी + 1-22% सेस लगता था। वहीं, ईवी (EV) पर टैक्स 5% ही रहेगा और हाइड्रोजन फ्यूल सेल वाहनों पर टैक्स 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है।
उद्योग जगत के जानकारों का कहना है कि अब मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियां भी जल्द ही कीमतों में कटौती का ऐलान कर सकती हैं। जीएसटी 2.0 से जहां सरकार का लक्ष्य टैक्स ढांचा सरल बनाना है, वहीं ग्राहकों के लिए यह त्योहारी सीजन सस्ती कार खरीदने का बड़ा मौका लेकर आया है।
यह भी पढ़ें:
जेपी नड्डा ने एनडीए सांसदों की डिनर पार्टी बाढ़ से रद्द की!
कडलूर गैस लीक मामला: जांच समिति गठित, 40 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती!
11.5 लाख करोड़ का हुआ भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग, 11 साल में 6 गुना उछाल!
जयपुर में चार मंजिला हवेली ढही, दो लोगों की मौत, 5 को बचाया गया!
