दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए इस साल 73.3 अरब डॉलर (करीब 110 ट्रिलियन वॉन) निवेश करने की घोषणा की है। यह कंपनी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक निवेश है।
कंपनी ने गुरुवार (19 मार्च) को एक नियामकीय फाइलिंग में बताया कि यह निवेश रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और उत्पादन सुविधाओं के विस्तार पर खर्च किया जाएगा। यह राशि पिछले साल के 90.4 ट्रिलियन दक्षिण कोरियन वॉन की तुलना में 21.7% अधिक है और पहली बार कंपनी का वार्षिक निवेश 100 ट्रिलियन वॉन के आंकड़े को पार कर गया है।
दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता कंपनी का लक्ष्य तेजी से बढ़ रहे AI चिप बाजार में अग्रणी स्थिति हासिल करना है। वैश्विक स्तर पर AI तकनीक की मांग बढ़ने के चलते सेमीकंडक्टर उद्योग में प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। सैमसंग ने यह भी संकेत दिया है कि वह रोबोटिक्स, मेडिकल टेक्नोलॉजी, ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और एयर कंडीशनिंग सॉल्यूशंस जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक विलय और अधिग्रहण (M&A) की संभावनाएं तलाशेगी।
उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कंपनी दक्षिण कोरिया के प्योंगटेक स्थित अपने P4 प्लांट में दक्षता सुधार कार्य कर रही है और P5 उत्पादन लाइन के लिए उपकरण स्थापित कर रही है। इसके अलावा, योंगिन में नए चिप निर्माण क्लस्टर का भी निर्माण किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय विस्तार के तहत सैमसंग अमेरिका के टेक्सास राज्य के टेलर शहर में एक नई फाउंड्री बना रही है, जिसे इस साल के अंत तक चालू करने का लक्ष्य है।
हालांकि, इस बड़े निवेश के बीच कंपनी को श्रमिक असंतोष का सामना भी करना पड़ रहा है। सैमसंग के यूनियनकृत कर्मचारियों ने वेतन और बोनस को लेकर प्रबंधन के साथ चल रही बातचीत विफल होने के बाद हड़ताल की घोषणा की है।
कर्मचारियों की मांग है कि प्रदर्शन आधारित बोनस पर लगी सीमा हटाई जाए, वेतन में 7% की वृद्धि की जाए और बोनस निर्धारण प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाई जाए। यूनियन ने बताया की 2026 के लिए वेतन पर बातचीत, जो महीनों से चल रही थी, बिना किसी समझौते के खत्म हो गई है और उन्होंने प्रबंधन पर उनके उचित अनुरोध को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
योजना के मुताबिक, कर्मचारी 23 अप्रैल को प्योंगटेक में प्रदर्शन करेंगे, जबकि 21 मई से 7 जून तक हड़ताल प्रस्तावित है। कुल मिलाकर, एक ओर जहां सैमसंग एआई चिप्स के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने के लिए रिकॉर्ड निवेश कर रही है, वहीं दूसरी ओर श्रमिक विवाद कंपनी के लिए नई चुनौती बन सकता है।
यह भी पढ़ें:
वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में फटे हाल पाकिस्तान भी भारत से ऊपर



