इलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला ने आज 16 अक्टूबर को उड़ने वाली कार दिखाई। डेमो के दौरान, रोडस्टर सेकेंड जनरेशन कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर ऊपर की ओर बढ़ी और उल्टी हो गई। इसके बाद ये रैंप से हवा में उड़ी, हवा में ही पलटी और जमीन पर सुरक्षित लैंड कर गई। इस कार में रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले थ्रस्टर्स लगे हैं। इनकी मदद से ये कार उल्टी होकर चल सकती है और हवा में घूम भी सकती है। ये कार 1 सेकेंड में 97 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती है। कार का प्रोडक्शन 2028 में शुरू होगा।
Turns out the future does have flying cars https://t.co/6fexPp6SXI
— Elon Musk (@elonmusk) October 16, 2026
सफल लैंडिंग के बाद मस्क ने कहा, “चलिए, यह काम कर गया।” मस्क ने इस कार को टेस्ला और स्पेसएक्स के इंजीनियरों के साथ मिलकर किए गए काम का नतीजा बताया। मस्क ने बताया कि कार खुद को ऊपर उठाने के लिए एक एडवांस्ड अल्ट्रा-हाई प्रेशर एयर टैंक का इस्तेमाल करती है। कार में हवा में कंट्रोल के लिए एल्टीट्यूड थ्रस्टर्स और पीछे की तरफ मेन थ्रस्टर्स हैं। यह बिल्कुल रॉकेट की तरह उड़ सकती है और हवा में कलाबाजियां खा सकती है।
इवेंट में जब एक दर्शक ने पूछा कि क्या यह कार आम सड़कों पर चलाने के लायक है, तो मस्क ने मजाकिया अंदाज में कहा, “यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी सड़क कैसी है।” हालांकि, उन्होंने तुरंत साफ किया कि यह इस्तेमाल करने में एक प्रैक्टिकल कार ही होगी। मस्क ने यह भी बताया कि रोडस्टर टेस्ला की इकलौती ऐसी कार होगी जिसे सिर्फ मैन्युअली चलाया जा सकेगा। इसे बहुत ज्यादा सेफ्टी को ध्यान में रखकर डिजाइन नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें-
एनटीपीसी में डिप्टी मैनेजर भर्ती, 16 अक्टूबर से आवेदन शुरू होंगे!
