अखिलेश ने कहा कि यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत से गलत तरीके से वोट जोड़े गए तो समाजवादी पार्टी ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सबूतों के साथ एफआईआर दर्ज कराएगी और उन्हें सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
अखिलेश ने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे ऐसी बातें कहने से बचें, जिनसे जनता के बीच उनका उपहास हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर जनता का जो थोड़ा-बहुत विश्वास बचा है, वह भी ऐसे बयानों से खत्म हो सकता है। सपा प्रमुख ने भाजपा नेताओं को ‘मिथ्या-आंकड़ाजीवी’ बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में चुनावी हार की आशंका के बीच मतदाता सूची में हेरफेर की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी ‘एएसडीडी’ (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे) श्रेणी के नामों का इस्तेमाल कर फर्जी वोट जोड़ने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक इस प्रक्रिया पर निगरानी रखने की व्यवस्था की है। पार्टी के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी तथा जिला, विधानसभा और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मतदाता सूची में जुड़ने वाले नए नामों पर नजर रखेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास मतदाता सूची में जुड़ने वाले नए नामों की जांच करें। उन्होंने चेतावनी दी कि एक-एक वोट का हिसाब मांगा जाएगा और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी का सबूत मिलने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि इस कथित साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ उनकी बर्खास्तगी, पेंशन और अन्य सरकारी लाभ रोकने तथा सजा दिलाने की मांग की जाएगी। अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों की संपत्ति की जांच कराने की चेतावनी भी दी।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को लगता है कि अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति से उनकी कई पीढ़ियां गुजर जाएंगी, उन्हें यह समझना चाहिए कि उनकी जमीन-जायदाद पर भी जनता की नजर है। जांच में अवैध संपत्ति सामने आने पर कानून के तहत उसे जब्त कराया जाना चाहिए। सपा प्रमुख ने कहा कि जब ऐसे मामलों में मुकदमा चलेगा और दोषियों को सजा होगी तो उन्हें बचाने के लिए कोई भाजपा नेता आगे नहीं आएगा।
उन्होंने कहा कि जनता का स्पष्ट संदेश है कि न कोई बेईमान बचेगा और न ही किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने अवैध खनन के मुद्दे पर भी टिप्पणी की।
