उन्होंने कहा कि यदि किसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के सदस्यों को अपने फैसलों पर असहमति दर्ज कराने के बावजूद सुनवाई नहीं मिलती है तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों से यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर निर्वाचन आयोग किस तरह काम कर रहा है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग का ऐसा व्यवहार लोकतंत्र के लिए घातक है और इससे देश में हुए चुनावों तथा उनसे बनी सरकारों की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि आयोग के भीतर ही उसके सदस्यों के बीच फैसलों को लेकर गंभीर मतभेद सामने आ रहे हैं तो यह सामान्य स्थिति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं और सत्ता में बने रहने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस संबंध में हलफनामे के साथ शिकायत भी की लेकिन किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों के दौरान भी सपा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे।
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि इस तरह की शिकायतें सामने आने के बाद भी यदि किसी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे चुनाव व्यवस्था में जनता के भरोसे पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि आज यह बात सामने आई है कि आयोग के फैसलों को उसके ही कुछ अधिकारियों ने स्वीकार नहीं किया। ऐसे में कल्पना की जा सकती है कि चुनाव आयोग किस तरह काम कर रहा होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर सामने आई रिपोर्ट ने संस्था की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब आने वाले समय में जनता ही इसका जवाब देगी।
अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर स्तर पर मनमानी कर रही है और व्यवस्थाओं को तहस-नहस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास के नाम पर लोगों के घर गिराए गए और उन्हें अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।
