वी. गुरुनाथम ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा की ओर से लगाए गए इन आरोपों में बिल्कुल भी सत्यता नहीं है। राहुल गांधी ने विदेश में भारत विरोधी किसी भी प्रकार का बयान नहीं दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं पिछले कुछ समय से यह देख रहा हूं कि भाजपा के लोग हमारे नेता राहुल गांधी के बर्लिन दौरे को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि यह सवाल पूरी तरह से अप्रासंगिक हैं।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि अब राहुल गांधी ने बर्लिन में जो कहा है, उसे लेकर किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए। राहुल गांधी ने चीन के आर्थिक विकास का जिक्र किया। इसके अलावा, उन्होंने भारत में मौजूदा समय में भाजपा के शासनकाल में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की जा रही कोशिश का भी जिक्र किया। उन्होंने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि देश में सत्तारूढ़ दल की ओर से किए जा रहे विसंगतिपूर्ण व्यवहार का जिक्र अगर नेता प्रतिपक्ष की ओर से किया जा रहा है, तो इसमें किसी को भी कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। संवैधानिक दृष्टि से देखे तो यह नेता प्रतिपक्ष का मूल कर्तव्य बनता है कि भारत में सत्तारूढ़ दल की ओर से किए जा रहे विसंगतिपूर्ण व्यवहार का जिक्र अंतरराष्ट्रीय मंच से करें, ताकि अन्य लोगों को भी पता चल सके कि मौजूदा सरकार किस तरह से काम कर रही है।
