उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि युवाओं की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
करीना कपूर खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, ”मैं पिछले कुछ दिनों से इस बारे में सोच रही थी, लेकिन अब और चुप नहीं रह सकती। इतने सारे युवाओं की आवाज, जो सुने जाने की मांग कर रही है, उसे नजरअंदाज करना नामुमकिन है और ऐसा होना भी नहीं चाहिए। हम सभी जानते हैं कि एक बच्चे के लिए शिक्षा का क्या मतलब होता है।
उन्होंने आगे लिखा, ”किसी भी बच्चे को यह नहीं सोचना चाहिए कि उसकी मेहनत काफी होगी या नहीं। उन्हें ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिस पर वे भरोसा कर सकें, जहां योग्यता को महत्व मिले, मेहनत का सम्मान हो और हर बच्चे को बराबरी का मौका मिले। यह कोई बड़ी मांग नहीं है, बल्कि मामूली सी उम्मीद है। जब पूरी एक पीढ़ी अपने भविष्य के लिए एक साथ आवाज उठाती है, तो उन्हें सुनना हमारी जिम्मेदारी है।
इसी मुद्दे पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तस्वीर पोस्ट करते हुए उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। भूमि ने लिखा, “सोनम वांगचुक पिछले 26 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने आगे कहा, ”आपकी चिंताओं ने पूरे देश के लोगों को प्रभावित किया है और अब कुछ सकारात्मक कदम भी दिखाई देने लगे हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत जारी रहेगी, इस आंदोलन से हिंसा पूरी तरह खत्म होगी, कोई दूसरा एजेंडा इस महत्वपूर्ण मुद्दे को भटकाने की कोशिश नहीं करेगा और आखिरकार इससे जरूरी और सार्थक सुधार देखने को मिलेंगे। जय हिंद।”
वहीं, अभिनेत्री अनन्या पांडे ने नई पीढ़ी की सोच और उनके संघर्ष पर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, ”जेन-जी को हमेशा अलग-अलग नामों से बुलाया गया है और उनमें से ज्यादातर अच्छे नाम नहीं हैं। लेकिन शायद यह समय बता रहा है कि यह पीढ़ी वास्तव में कैसी है।
सारा अली खान ने भी छात्रों के समर्थन में इंस्टाग्राम पर लिखा, ”हमारे छात्र ही हमारा भविष्य हैं और उनका भविष्य पूरे देश के दिल से जुड़ा हुआ है। उनका संकल्प एक ऐसी शांत लेकिन अटूट लौ की तरह है, जो हमें यह याद दिलाता है कि सच्ची देशभक्ति उन बहादुर दिलों में बसती है, जो अपने विश्वास के लिए खड़े होने का साहस रखते हैं। बेहतर और सुरक्षित भविष्य की उनकी उम्मीद, उनका साहस और उनका दृढ़ निश्चय हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
उन्होंने आगे कहा, ”हमें उनकी बात खुले दिल से सुननी चाहिए, उनकी परवाह करनी चाहिए और उनके साथ चलना चाहिए। उनके सपने हमारे सपनों से जुड़े हुए हैं और हमारे सपने भी उन्हीं के भविष्य में बसते हैं। एक आशावादी देशभक्त के तौर पर मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी सरकार उन्हें न्याय देगी। जय हिंद।”
