डिप्टी सीएम का यह बयान उस वक्त आया है, जब सपा मुखिया अखिलेश यादव 26 नवंबर को आगामी चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करेंगे।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन उन्हीं दलों से बना है, जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया था। उन्हें संविधान दिवस पर देश से माफी मांगनी चाहिए।
पाठक ने कहा कि कांग्रेस और सपा यूपी में कई बार गठबंधन कर चुके हैं। इनकी दाल गलने वाली नहीं है। भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ आ रही है। इनका गठबंधन एक ऐसी खिचड़ी है, जिसमें हमेशा कंकड़ ही निकलेंगे। जनता इन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी, जनता इन्हें रिजेक्ट कर चुकी है।
दूसरी ओर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर आप ‘साइकिल’ का बटन दबाते हैं, तो गुंडे हावी हो जाएंगे, जनता को परेशान करेंगे, जमीनों पर कब्जा करेंगे और महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डाल देंगे। इसलिए, उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है, कम से कम 2047 तक तो बिल्कुल नहीं।
उन्होंने सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “सपा-कांग्रेस का गठबंधन एक ऐसी खिचड़ी है, जिसका पकना दोनों के नसीब में नहीं है। दरअसल, ‘मौकापरस्ती’ और ‘मतलब’ ही इस ठगबंधन की बुनियाद है।
