कोठी में छांगुर बाबा, नवीन रोहरा और नीतू रोहरा के साथ रहता था। जिस जमीन पर यह कोठी बनाई गई है वह गाटा संख्या 337/370 की जमीन में अवैध अतिक्रमण करके बनाई गई है। यह जमीन नीतू नवीन अरोड़ा के नाम से है। जमीन की पैमाइश पूरी होने के बाद बुलडोजर की कार्रवाई की गई।
मंगलवार सुबह जिला प्रशासन की टीम तीन बुलडोजर लेकर कोठी पहुंची और अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू किया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कोठी के मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। ये कोठी करीब 3 करोड़ लागत से 3 बीघा जमीन में बनी है, जो कि छांगुर की करीबी नीतू उर्फ नसरीन के नाम पर है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही यूपी एटीएस ने धर्मांतरण के आरोप में 50 हजार रुपए के इनामी छांगुर बाबा को नीतू उर्फ नसरीन के साथ लखनऊ के एक होटल से गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इधर, गैर मुस्लिम युवतियों को बहला-फुसलाकर अवैध धर्मांतरण के मामले को लेकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने गहरा रोष जताया है। उन्होंने अवैध धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छांगुर बाबा पर अलग-अलग समुदायों की लड़कियों को निशाना बनाने व उनके लिए एक रेट लिस्ट तैयार करने का आरोप है।
प्रदेश में गैर-मुस्लिम लड़कियों को बहला फुसलाकर कराए जा रहे धर्मांतरण के खिलाफ सिख व सिंधी समाज के लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस तरह का कुत्सित प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने धर्मांतरण की साजिश रचने वाले अपराधियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
छांगुर बाबा की करीबी नीतू नवीन रोहरा के यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के नेटवर्क को एटीएस खंगाल रही है। दरअसल, सातवीं कक्षा पास नीतू ने 2014 से 2019 तक 19 बार यूएई की यात्रा की, जिसकी वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
बिहार कैबिनेट: युवाओं को सौगात, सरकार करेगी बिहार युवा आयोग का गठन!



