केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के विरोध पर निशाना साधते हुए उन्हें महिला विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस बिल का विरोध कर महिलाओं का अधिकार छीनना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जो मॉडल लेकर आई है, वह दक्षिण भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के लिए भी बेहतर साबित होगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्षी दल परिसीमन को लेकर बेवजह हाय-तौबा मचा रहे हैं। ऐसा वही लोग करते हैं, जो महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहते। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले की आबादी करीब 40 लाख है, जिसमें 22 से 23 लाख मतदाता हैं।
इतनी बड़ी आबादी के बीच हर गांव तक पहुंचना और लोगों से मिलना संभव नहीं हो पाता है। जनप्रतिनिधियों के लिए क्षेत्र की बढ़ती आबादी के बीच सभी लोगों तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की आबादी करीब साढ़े छह से सात करोड़ है जबकि वहां 700 सांसद हैं। ऐसे में भारत में भी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत है। केंद्र सरकार का मौजूदा प्रस्ताव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके तहत वर्तमान लोकसभा सीटों की संख्या को डेढ़ गुना किया जाना है। इससे जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ेगी और जनता की समस्याओं को सदन तक पहुंचाने के अवसर भी बढ़ेंगे। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा जताया कि यह मॉडल संसद में पारित होगा।
उन्होंने कहा कि जो भी इसका विरोध करेगा, उसे महिला विरोधी माना जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे लोग भारत विरोधियों के टूलकिट का हिस्सा बन रहे हैं, चाहे राहुल गांधी हों या कोई अन्य नेता। उनके मुताबिक, सरकार का प्रस्ताव देश के सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर लाया गया है और इससे महिलाओं को उनका अधिकार देने का रास्ता भी मजबूत होगा।
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल की गलतियों को देखना चाहिए। जनता उनसे उनके चुनावी वादों का हिसाब मांगेगी।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को टैबलेट देने और किसानों का कर्ज माफ करने जैसे वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। उन्हें पहले विद्यार्थियों, किसानों और प्रदेश की जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा, ‘अपन ब्याह नहीं, सूरदास का बरतहारी करेंगे।’
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तानी एक्टर हमज़ा अली की आतंकवादी हाफ़िज़ सईद के साथ फ़ोटो वायरल
रियासी में पाकिस्तान के पांच आतंकवादियों की 29 कनाल ज़मीन ज़ब्त
