केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नशामुक्त भारत का संदेश, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करने पर कहा, “आज पूरे देशवासियों को ‘मन की बात’ में एक बहुत बड़ा संदेश मिला ‘नशा मुक्त भारत’। एक नशा करने वाले व्यक्ति को पीएम मोदी ने फोन पर जोड़ा और उसने पूरी कहानी बताई, एक बहुत बड़ा संदेश है कि नशा आपके शरीर का नाश करता है और कुछ देता नहीं है।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां एपिसोड था। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने सरगुजा की धरती पर, मां महामाया की नगरी में इस कार्यक्रम को सुना। देशभर के लोग हर महीने के आखिरी रविवार का बेसब्री से इंतजार करते हैं, ताकि वे इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री से जुड़ सकें।
वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘मन की बात’ को गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में लोगों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों को सामने लाते हैं। इसके जरिए सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाई जाती है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्होंने लखनऊ छावनी विधानसभा क्षेत्र के बाबू बनारसी दास वार्ड स्थित बूथ संख्या 228 पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां एपिसोड सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में देशभर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हैं। इसमें युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और उद्यमियों के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया जाता है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने भी कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले प्रेरणादायक लोगों और उनके कार्यों को सामने लाते हैं।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवति परिडा ने डेनु पंचायत क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अच्छे मौसम में बाहर निकलने और पर्यटन स्थलों की सैर करने की अपील की है।
बिहार के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में पटना संग्रहालय का उल्लेख किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पटना के अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय की उपलब्धि का जिक्र किया, जिसके विश्व स्तर पर नौवें और एशिया में पहले स्थान पर पहुंचने की बात कही गई।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में बिहार के म्यूजियम की चर्चा करने पर कहा, “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘मन की बात’ में बिहार के म्यूजियम की चर्चा की। पूरी दुनिया में बिहार का म्यूजियम 9वें स्थान पर है और एशिया में पहले स्थान पर है।
राजस्थान सरकार के मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी राजस्थान कार्यालय में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की उपस्थिति में, हम सभी ने देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां एपिसोड सुना।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के ज़रिए एक विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता से मिले सुझाव साझा करते रहे हैं। इनमें से कई सुझाव राष्ट्रीय कल्याण, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पारिवारिक भलाई पर केंद्रित हैं और लोगों को सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करते हैं। योग इसका एक उदाहरण है।
